पालोजोरी/संवाददाता। विश्व जल दिवस के मौके पर शनिवार को प्रखंड के कई पंचायतों के वार्ड सदस्यों ने टाटा ट्रस्ट सिनी के शीला मरांडी और पूर्व मुखिया रेखा कुमारी की अगुवाई में प्रखंड सभागार में जल संरक्षण को लेकर शपथ लिया। अपने दैनिक जीवन में जल को बचाने और बरसात के एक एक बूंद को हरसंभव बचाने का संकल्प लिया गया। रेखा कुमारी ने बताया कि बरसात का पानी जितना भी हो और जब भी हो, उसे बचाने का हरसंभव प्रयास करना चाहिए। हमें अपने आनेवाली पीढ़ी के लिए जल को बचाने को लेकर गंभीर होने की जरूरत है।
पंचायत के स्थायी समिति को लेकर वार्ड सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
- पंचायत के सशक्तीकरण पर हुई चर्चा
पालोजोरी/संवाददाता। पंचायत के स्थायी समिति को लेकर वार्ड सदस्यों का टीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। प्रखंड के बारह पंचायतों के चिह्नित वार्ड सदस्यों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। मास्टर ट्रेनर सह पूर्व मुखिया रेखा कुमारी ने स्थायी समिति को लेकर बताया कि पंचायत में सात स्थायी समिति का गठन होता है, जिसमें मुखिया और उपमुखिया पदेन सदस्य होते हैं। इसके अलावे तीन से पांच वार्ड सदस्य समिति में सदस्य होते हैं। वार्ड सदस्यों में से एक समिति का सभापति होता है। एक सदस्य पंचायत से नॉमिनेट होता है, जो समाजसेवी होते हैं। प्रत्येक स्थायी समिति का अपना काम होता है, जो पंचायत में अपना रिपोर्ट सौंपता है। समिति की बैठक प्रत्येक माह होती है। प्रशिक्षण सत्र को समूह गतिविधियों के जरिए रोचक बनाने का प्रयास किया गया। पंचायती राज विभाग के प्रखंड समन्वयक मोहित और कार्यकारी संस्था के आलोक झा प्रशिक्षण की मॉनिटरिंग कर रहे थे। कल सोमवार से दूसरे बैच का प्रशिक्षण शुरू होगा।मौके पर शीला मरांडी, राजेंद्र यादव, झरना चार, सरफुद्दीन, दीप पांडेय आदि मौजूद थे।
सात दिवसीय भागवत कथा का हवन के साथ समापन
- आज होगा महाप्रसाद का वितरण
पालोजोरी/संवाददाता। सात दिवसीय भागवत कथा का समापन शनिवार को लखी मंदिर के प्रांगण में हवन के साथ हो गया। वृंदावन से आए कथावाचक गौतम देव महाराज पिछले 16 मार्च से भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। भागवत कथा के आयोजन को लेकर पालोजोरी पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। हवन में शामिल होने क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं का जुटान हुआ। इधर देर रात तक लोग भागवत कथा का श्रवण करने के लिए दूर दराज के गांवों से पहुंच रहे हैं। भागवत कथा सुनने आ रहे लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए आयोजन समिति पूरी तरह से सक्रिय है। आज रविवार को लखी मंदिर प्रांगण में ही महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मध्याह्न भोजन परोसने में नहीं हो कोई कोताही : बीइइओ
- मासिक गुरु-गोष्ठी में लिए गए कई निर्णय
गुरु गोष्ठी में शामिल शिक्षक
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं स्थित रानी मंदाकिनी उच्च विद्यालय प्लस टू में शनिवार को शिक्षकों का मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गुरु गोष्ठी की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी ने किया। बैठक में छात्र-छात्राओं का अपार आईडी, ई-विद्या वाहिनी, यू डायस प्लस, यू डायस, पोशाक वितरण,किताब वितरण, छात्रवृत्ति, नीप परीक्षा सहित अन्य प्रकारों की समस्याओं के बारे में बारी-बारी से चर्चा की गई। मौक पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा कि 23 मार्च रविवार को प्रखंड के 137 विद्यालयों में होने वाले साक्षरता विभाग का नव साक्षर परीक्षा को सही ढंग से सफल बनाने का कार्य करें एवं परीक्षा में भाग लेने वाले नव साक्षरों की सूची प्रखंड संसाधन केंद्र में परीक्षा के तुरंत बाद ही जमा करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रखंड में छात्र-छात्राओं के लिए बनाए जा रहे व्यापार आईडी का कार्य में जो शिक्षक उदासीनता बरत रहे हैं। वह इसमें सुधार लाकर प्रखंड का प्रतिशत बढ़ाने का कार्य करें। कहा कि पहले अप्रैल तक 50 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाना है, क्योंकि वर्तमान में प्रखंड का हाल बहुत बुरा है और 42 प्रतिशत ही छात्र-छात्राओं का अपार आईडी बन पाया है जो बेहद चिंता की बात है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना में जो विद्यालय कोताही बरत रहे हैं वे इसमें तुरंत सुधार लाने का कार्य करें अन्यथा अप्रैल के पहले सप्ताह से जांच अभियान चलाया जाएगा और जो विद्यालय इसमें पकड़े जाएंगे उनको बक्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर शिक्षकों ने चावल वितरक द्वारा प्रत्येक बोरी में 42 से 44 किलो चावल दिए जाने का मामला उठाते हुए इसमें सुधार लाने का मांग किया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार मोदी ने कहा कि सभी विद्यालय चावल वितरण करने वाले से कांटा में आयोजन कर चावल लेने का कार्य करें। कम चावल देता है तो वह चावल नहीं ले और इसकी सूचना प्रखंड संसाधन केंद्र को दें। तुरंत कार्यवाही करते हुए वितरक को ब्लैक लिस्ट में डालने के लिए कार्यवाही की जाएगी। वही इस अवसर पर पांच विद्यालयों के बीच तब वितरण किया गया एवं इसके साथ ही 23 मार्च रविवार को होने वाले नवसाक्षरों के परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र वितरण किया गया। मौके पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार मोदी, संकुल साधन सेवी उदय कुमार राय, राकेश कुमार राय, जितेंद्र नाथ शर्मा, सुदीप चक्रवर्ती,एम आई एस कोऑर्डिनेटर इरशाद आलम,पुष्पा देवी, सरिता दास, बहमनी टुडू, जर्मन टूरी किशोर कुमार यादव, चैताली नंदन सहित 134 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक बैठक में मौजूद थे।
137 विद्यालयों में 1900 नवसाक्षर परीक्षा में आज होंगे शामिल
मधुपुर/संवाददाता। निदेशक प्राथमिक शिक्षा व साक्षरता विभाग रांची के निर्देश के आलोक में रविवार 23 मार्च को 137 केन्द्रो में नव साक्षर परीक्षा का आयोजन किया गया है। इस परीक्षा में 15 वर्ष से ऊपर के नव साक्षर 137 विद्यालयों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। विभाग द्वारा परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शनिवार को रानी मंदाकिनी उच्च विद्यालय में आयोजित मासिक गुरु गोष्ठी के बाद आकाश में लगे शिक्षकों के बीच कॉफी प्रश्न पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार मोदी ने शिक्षकों से सही ढंग से परीक्षा सुबह 10:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक लेने को कहा गया है। कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ हो इसका ख्याल रखा जाएगा। कहा की परीक्षा में किसी भी केंद्र में किसी प्रकार की परेशानियां हो तो तुरंत दूरभाष पर सूचित करेंं। समस्या का तुरंत समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय प्राथमिक विद्यालय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय को नवअक्षरों का परीक्षा लेने के लिए केंद्र बनाया गया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों में दी गई परीक्षा की सूचना प्रखंड संसाधन केंद्र को देने को कहा गया है।
धड़ल्ले से हो रहा है बालू का अवैध उठाव
- बड़ी वाहनों से की जा रही है तस्करी
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न नदियों से भरी मात्रा मे अवैध बालू का उत्खनन और उठाव किया जा रहा। अहले सुबह से ही नदी घाट में दर्जनों ट्रैक्टर बालू उठाव में लग जाते है। जबकि कई जगह बालू उठाव का निविदा होने के बाद भी नियम के अनुसार बालू उठाव व परिवहन नहीं हो रहा है। करौं प्रखंड के जयंती नदी तेतरिया घाट में बालू उठाव धड़ल्ले से की जा रही है। सगरभंगा में ट्रक व जेसीबी मशीन का उपयोग बालू उठाव के लिए किया जा रहा है। लाखों सीएफटी बालू सगरभंगा में स्टॉक है जबकि सगरभंगा में कोई नदी घाट कर निविदा नहीं हुआ है। इतना ही नही सगरभंगा से जेसीबी के माध्यम से ट्रक व डंपर में बालू लोड किया जा रहा है। जो सरासर नियमों का उल्लंघन है। बालू उठाव कर दूर दराज क्षेत्रों में बेरोकटोक भेजा जा रहा है। अधिकतर बालू का उठाव व परिवहन रात को किया जाता है। नियमानुसार जिस गांव के घाट में निविदा किया गया है। बालू का उठाव कर वहीं स्टॉक करना है, न कि दूसरे जगहों में बालू का स्टॉक करना है। गांव वाले भी बालू का उठाव सालों भर होने से परेशान हैं। व्यापक पैमाने पर बालू उठाव होने से नदी का अस्तित्व समाप्त होती जा रहा है। इससे इलाके का जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। इसके अलावा मधुपुर के पतरो नदी के नवापतरो, मोहनपुर घाट, कसाठी, बेलटिकरी, टंडेरी, साप्तर, लोरहाजोर, मारगोमुंडा के पंदनिया, नोनियाद, करौ के बरसतिया, चेतनारी आदि घाटों से सैकड़ों ट्रैक्टर अवैध बालू का उठाव प्रत्येक दिन बेरोकटोक हो रहा है। बालू माफिया प्रत्येक दिन बाइक व मोबाइल लेकर थाना गेट के सामने पुलिस की गतिविधियों का निगरानी करते है और दिन भर बालू का उठाव करते रहते है। हालांकि कई बार बालू ट्रैक्टर पकड़े भी जाते हैं, लेकिन इसकी संख्या काफी कम है। सगरभंगा में बालू स्टॉक व जेसीबी से उठाव के संबंध में जिला खनन पदाधिकारी सुभाष रविदास को फोन कर प्रतिक्रिया लेना चाहा । लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ग्राम पंचायत समिति के सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागी
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार मे शनिवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान कार्यक्रम के तहत पंचायत सशक्त विकास पर ग्राम पंचायत समिति के सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण समापन हो गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक महेश कुमार व मारगोमुण्डा प्रखंड़ महजोरी पंचायत के मुखिया सुधीर मंडल ने ग्राम पंचायत स्थायी समिति अध्यक्ष का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायत के स्थायी समितियां मंत्रालय की तरह है। जिसके सुझाव व प्रस्ताव पर ग्राम पंचायत कार्यकारिणी अपना निर्णय लेती है। समितियों के अध्यक्षों को पंचायतीराज में उनके कार्य, दायित्व,अधिकार, सामान्य गठित कर सकती है। यह समितियां ग्राम पंचायत के सामान्य नियंत्रण के अधीन होंगी।उक्त समितियां ऐसे शक्तियों का प्रशासन,निर्माण, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, सहकारिता, सार्वजनिक संपदा, उद्योग, संचार, ग्राम रक्षा आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। प्रत्येक पंचायत में सात समितियां होती है,जो पंचायत के विकास में अहम भूमिका निभाती है,जिसे सशक्त किया जा रहा है। मौके पर स्थायी समिति के अध्यक्षों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
पंचायत के समिति अध्यक्षों को दिया गया प्रशिक्षण
सारठ/संवाददाता। जिला पंचायती राज पदाधिकारी के पत्रांक 228 के निर्देशानुसार सारठ प्रखंड मुख्यालय के सभागार में सारठ प्रखंड के पथरडा, बोचबांध, बसहाटांड़, नवादा, अलुवारा, आराजोरी, बामनगामा, सारठ, सबैजोर, बगडबरा, झिलुवा, कैचुवाबांक, जमुवासोल और फुलचूवां पंचायत के विभिन्न स्थायी समिति के अध्यक्षों को 20 मार्च से 22 मार्च तक तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन शनिवार को किया गया। इसके बाद बाकि पंचायतों के स्थायी समिति के अध्यक्षों का भी प्रशिक्षण दिया जाना है।
बता दें कि यह प्रशिक्षण पंचायती राज विभाग के सौजन्य से तथा आयोजक एसके पटोदिया एण्ड एसोसिएशन एलएलपी चार्टर्ड अकाउंटेंट के आयोजन से प्रशिक्षण दिया गया। इस दौराान इन तीन दिनों तक राष्र्ट्ीय ग्राम स्वराज अभियान के मास्टर ट्रेनर सारठ प्रखंड के शिवशंकर झा और पालोजोरी प्रखंड के मुन्ना कुमार कापरी द्वारा सभी समिति के अध्यक्षों सह वार्ड सदस्यों को विस्तार से पंचायत के सुदृढ़ीकरण को लेकर प्रशिक्षित किया गया तथा स्थायी समिति के अध्यक्षों को विभिन्न स्थायी समितियों की भूमिका और जिम्मेदारियां के विषय में भी बताया गया तथा कानूनी प्रावधानों और शासन तंत्रों के अलावा समिति को प्रभावशीलता, जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ाने पर बल दिया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को स्थानीय शासन को मजबूत करने में दूसरों को प्रेरित करने, शिक्षित करने और सशक्त बनाने में कौशल विकसित करने पर भी बल दिया गया। मौके पर प्रभारी प्रखंड पेचायती राज पदाधिकारी श्रीकांत मंडल, प्रखंड साख्यिकी पर्यवेक्षक मोहल लाल ठाकुर, पंचायती राज के प्रखंड समन्वयक विक्की आनन्द समेत समिति के अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य विकास प्रसाद सिंह, रीना देवी, ललीता देवी, नीलम देवी, गायत्री कुमारी, कयुम मियां, संजय कुमार राणा, महेन्द्र कुमार मिश्रा, सबा शेख, मकसूद शेख, गजाला परवीन व उपमुखिया भी मौजूद थे।
प्राथमिक विद्यालयों को दिया गया टैबलेट
सारठ/संवाददाता। सारठ बीआरसी कार्यालय में प्राथमिक कक्षाओं वाले सरकारी विद्यालयों के बीच टैबलेट का वितरण किया गया। बीपीओ उदय शंकर राय ने बताया कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद निदेशक के निदेशानुसार सारठ प्रखंड के जिन विद्यालयों में कक्षा 1 से 5वीं की पढ़ाई करायी जाती है एवं यू-डाइस 2023-24 के आधार पर विद्यालय का कुल नामांकन 30 से अधिक हो, वैसे विद्यालयों के बीच टैबलेट का वितरण किया जा रहा है। इस प्रकार सारठ बीआरसी के अंतर्गत कुल 224 प्राथमिक कक्षाओं की पढ़ाई कराने वाले विद्यालयों को टैबलेट उपलब्ध करया जा रहा है। सरकार के इस महत्वाकांक्षी योजनाओं से प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षण कार्यो मंे प्रगति दिखेगी। मौके पर लेखापाल मोती रवानी समेत बीआरसीकर्मी भी मौजूद थे।
मनरेगा योजनाओं का हुआ सामाजिक अंकेक्षण
सारठ/संवाददाता। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत के वितीय वर्ष 2023-24 का पूर्ण, अपूर्ण एवं चालू योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण का पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन पंचायत भवन में किया गया। जिनमें अलुवारा पंचायत के ज्यूरी सदस्य सीआरपी नंदकिशोर यादव, आराजोरी पंचायत के बीआरपी सुधांशु शेखर, बगडबरा पंचायत के सीआरपी नीरज कुमार, बोचबांध पंचायत में एटीएम गौतम कुमार, डिंडाकोली पंचायत में सीआरपी अनन्त कुमार सिंह, फुलचूवां पंपचायत में बीआरपी शशिकांत पांडेय, जमुवासोल पंचायत में बीटीएम राजेश वर्मा, झिलुवा पंचायत में जनसेवक प्रदीप कुमार सिंह, कैचुवावांक पंचायत में सीआरपी दिलीप कुमार, कैरावॉक पंचायत में सीआरपी जयराम प्रसाद राय, कुकराहा पंचायत में सीआरपी ललन कुमार राय, और लगवां पंचायत में सीआरपी मनोज कुमार सिंह बतौर ज्यूरी सदस्य थे। वहीं बीपीओ डेविड गुड़िया ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान बोचबॉध पंचायत के पंचायत सचिव और रोजगार सेवक पर आर्थिक दंड लगाया है। मौके पर मनरेगा के बीपीओ डेविड गुड़िया, सम्बन्धित पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक तथा ग्रामीण भी मौजूद थे।
पंचायतस्तरीय स्थाई समिति को दिया गया प्रशिक्षण
मारगोमुंडा/संवाददाता। पंचायती राज विभाग रांची की ओर से पंचायत स्तरीय स्थाई समिति को प्रशिक्षण देने को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन शनिवार को प्रखण्ड कार्यालय सभागार में एस के पाटोदिया एंड एसोसिएटस एलएलपी एजेंसी के मास्टर ट्रेनर मिन्टू शेख व रणवीर कुमार मंडल द्वारा पंचायतों की स्थायी समिति के तहत वार्ड सदस्यों ओर मुखिया को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने पंचायत स्तरीय समितियों के सदस्यों को उनके कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गयी। कहा पंचायती राज द्वारा पंचायत स्तर पर सात समितियों का गठन किया जाता है। जिसमें छह समितियों के अध्यक्ष वार्ड सदस्यों को बैठक के माध्यम से चयनित किया जाता है। जिससे पंचायत अध्यक्षों को संचालन व पंचायती राज अधिनियम की दी जा रही ट्रेनिंग अधिकार व कर्तव्य के बारे में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी महिला व बाल विकास समेत अन्य सभी विभागों व सरकारी योजनाओं का देखरेख व संचालन किया जाना है।इ सको लेकर प्रशिक्षण के माध्यम से समिति अध्यक्षों को विस्तृत जानकारी व पंचायती राज अधिनियम के तहत पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारियों व कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गयी। मौके पर प्रखण्ड समन्वयक मो सुल्तान, मुखिया सुधीर यादव, रियासत अंसारी, तोलोनी मुर्मू, राजेन्द्र प्रसाद यादव, मनसूर खान, समीना खातुन सहित वार्ड सदस्य शांति देवी, हदीस अंसारी, ईश्वर पंडित, नईम अंसारी, बुदन हांसदा, उमर अंसारी, कालेश्वर, महफूज अंसारी, सहित दर्जनों वार्ड सदस्य मौजूद थे।
मनरेगा जनसुनवाई में छाया रहा अनियमितता का मामला
- अधिकांश पंचायतों में दस्तावेज की दिखी कमी
सारवां/संवाददाता। सारवां के सात पंचायतों में मनरेगा कार्य के सामाजिक अंकेक्षण के बाद पंचायतस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया।
मौके पर जियाखाड़ा में बीटीएम, कुशमाहा में प्रखंड समन्वयक बीआरपी रमेश कुमार साह, लखोरिया में प्रभारी बीपीआरओ सीआरपी अनूप कुमार दुबे, बीआरपी दिलीप मंडल, नारंगी रीतेश कुमार, बीआरपी जगन्नाथ मरांडी, पहारिया मेरची कुमारी व बीआरपी सरोज मंडल व जनसेवक, रक्ति सत्यप्रकाश, बीआरपी चंदन कुमार मांझी व जनसेवक, सारवां में रश्मि कुमारी व बीआरपी बैद्यनाथ दत्ता की देखरेख में जनसुनवाई देर तक चली। इस दौरान सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज के आधार पर जनसुनवाई की गई। इस दौरान ज्यूरी के सदस्यों ने जानकारी देते बताया कुशमाहा पंचायत में 1300 अर्थदंड, लखोरिया में 6867 रिकवरी व 1300 अर्थदंड, सारवां में आठ हजार 16 रुपए रिकवरी, 500 अर्थदंड, रक्ति 17000 रिकवरी 1450 अर्थदंड, पहारिया में 850 रुपए अर्थदंड, जियाखाड़ा में 1700 रिकवरी व 1600 अर्थदंड, नारंगी में 22 लाख का एबी जेई द्वारा नहीं जमा करने का मामला सामने आया। कहा पंचायतस्तरीय जनसुनवाई के दौरान सारवां को छोड़ कर अधिकांश पंचायतों में दस्तावेज में कमियां पायी गयी व अभिलेख अपूर्ण पाया गया। साथ ही अधिकांश योजनास्थल पर शिलापट नहीं होने का मामला सामने रखा गया। मौके पर मुखिया, पंचायत सेवक के अलावा लाभुक उपस्थित थे।
बाइक दुर्घटना में युवक घायल
सारवां/संवाददाता। सारवां-सारठ एनएच के बलीडीह मोड के पास मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से बलीडीह गांव निवासी युवक कुंदन यादव घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।