- मजदूरी करने वाले किसान ने खेती से बदली बंजर जमीन की तस्वीर, 4000 पौधे लगाए
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र की बंदाजोरी पंचायत के बिराजपुर मौजा में कभी बंजर पड़ी करीब पांच एकड़ निजी जमीन अब केले के पौधों से गुलजार हो रही है। जियाखाड़ा गांव निवासी किसान नंदकिशोर वर्मा ने पहली बार बड़े पैमाने पर केले की खेती कर बंजर भूमि पर हरियाली की नई मिसाल पेश की है। नंदकिशोर पहले मजदूरी का काम करते थे। एक दिन मजदूरी के सिलसिले में जसीडीह जाने के दौरान उनकी मुलाकात एक किसान से हुई। बातचीत में उन्हें केले की खेती के बारे में जानकारी मिली। इससे प्रेरित होकर उन्होंने बिराजपुर मौजा स्थित अपनी बंजर जमीन पर करीब चार हजार केले के पौधे लगाए। उन्होंने बताया कि एक पौधे की कीमत करीब 35 से 42 रुपये पड़ी, जबकि पौधारोपण से लेकर फलन तक प्रति पौधे करीब 200 रुपये का खर्च आया है। पूरी खेती में रासायनिक खाद, मजदूरी सहित करीब तीन से चार लाख रुपये की पूंजी लगी है। किसान के अनुसार, अब करीब 40 प्रतिशत पौधों में फल लगना शुरू हो गया है। केले के बड़े-बड़े घौद पौधों से लटकते नजर आ रहे हैं। एक बार पौधा लगाने के बाद तीन बार फलन होने की उम्मीद है। पहली फसल से पूंजी वापस आने तथा आगामी दो वर्षों में अच्छी आमदनी होने की उम्मीद उन्होंने जताई है। उन्होंने बताया कि केले की खेती के लिए जसीडीह के किसान से प्रशिक्षण भी लिया है। पौधों की देखभाल, खाद-रसायन के प्रयोग तथा फलन के दौरान केले के घौद से फूल कब हटाना है, इसकी जानकारी प्राप्त की। हालांकि खेती के दौरान उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पौधों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत भी उन्होंने थाने में की है। किसान का कहना है कि मेहनत, लगन और सही तकनीकी जानकारी से बंजर जमीन को भी लाभकारी खेती में बदला जा सकता है।
नेत्रदान के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
- क्विज प्रतियोगिता में नंदनी कुमारी प्रथम
सारवां/संवाददाता। जिला अंधापन नियंत्रण समिति के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीके सिन्हा की देखरेख में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में नेत्रदान जागरूकता पखवाड़ा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नेत्रदान के महत्व की जानकारी देकर लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। सहायक नेत्र चिकित्सक अनिल कुमार दास ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेत्रदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है। इससे किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नेत्रदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर छात्राओं के बीच नेत्रदान से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में नंदनी कुमारी ने प्रथम, नेहा प्रिया ने द्वितीय और राधिका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में विद्यालय के शिक्षक भारत भूषण, नेहा कुजूर, सरिता कुमारी समेत विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया।
संगठन मजबूती को लेकर भाजपा की बैठक
- सेवा पखवाड़ा की बनी रूपरेखा, 11 सितंबर को धरना-प्रदर्शन का निर्णय
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय खेड़िया धर्मशाला में बुधवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संगठन सशक्तीकरण को लेकर भाजपा मधुपुर नगर इकाई की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने की। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से संगठन एवं जनहित से संबंधित दिए गए निर्देशों का कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जेएसएससी एवं जेपीएससी अभ्यर्थियों के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में आगामी 11 सितंबर को भाजपा जिला मुख्यालय में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। भाजपा युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। बैठक में अधीर भैया, पप्पू यादव, ओम प्रकाश सिंह, गोपी बर्मन, सत्यनारायण रवानी, विक्की भारद्वाज, विक्की सिंह, विनय वर्मा, शैलेंद्र गौतम, विजय चौधरी, मालती सिन्हा, विनोद गोंड, अशोक गोंड, सत्यम भैया, मदन यादव, अजीत खंडेलवाल, प्रकाश गुप्ता, कारू गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता शुरू
- अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मारगोमुंडा/संवाददाता। खेलो झारखंड 2026 के तहत समग्र शिक्षा अभियान के प्रखंड संसाधन केंद्र, मार्गोमुंडा की ओर से प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन प्रखंड स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ प्रभारी बीईईओ सौरभ कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष सोहन मुर्मू, मुखिया सुधीर मंडल एवं बीपीईओ मधु कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान पर खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। मौके पर उप प्रमुख विनोद हेंब्रम, सीआरपी कृष्णदेव प्रसाद, पंकज चौबे, मनोज पंडित, कमलनाथ खवाड़े, आशीष कुमार राय, मो. निजामुद्दीन, लेखपाल सुनीता कुमारी, रिसोर्स शिक्षक भागवत कुमार सहित शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति जसीडीह का किया गया विस्तार
- मूर्ति निर्माण सहित पूजा की तैयारियां गणेश पूजा के बाद होगी शुरू
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर में मंगलवार देर शाम सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति जसीडीह के विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजन सिंह ने की। बैठक में दुर्गापूजा को धूमधाम एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर समिति का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति में मिलन लाल पंडित, राज किशोर राव, ब्रजेश राय, हरि किशोर सिंह, सरोज कुमार सिंह एवं हासो प्रसाद राम को संरक्षक बनाया गया। जबकि पूजा प्रभारी डॉ नंदन दूबे को बनाया गया है। संजय शर्मा, मुकेश बरनवाल, ललन दुबे एवं विपिन दुबे को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। कमलकांत गुप्ता को महासचिव तथा विवेक कुमार प्रजापति को कार्यवाहक सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
सह सचिव के रूप में मनोरंजन कुमार, अमरजीत कुमार दुबे, भास्कर प्रजापति एवं अजय कुमार को मनोनीत किया गया। पियूष प्रिंस को कोषाध्यक्ष तथा पंकज राय को उप कोषाध्यक्ष बनाया गया। व्यय एवं आय की जिम्मेदारी भी तय की गई। चंद्रशेखर प्रसाद राय को विधि सलाहकार तथा विकास राउत एवं सोनू बरनवाल को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। अध्यक्ष राजन सिंह ने बताया कि गणेश पूजा के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण, विद्युत व्यवस्था, मंदिर की सफेदी सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। इसी के बाद रसीद काटने का कार्य भी शुरू होगा। पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन में बांटकर चारों उपाध्यक्षों को संबंधित जोन की जिम्मेदारी देने की योजना है। बैठक में 21 सदस्यीय प्रबंधन समिति बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर अगली बैठक में विचार किया जाएगा। मौके पर डॉ. नंदन दुबे, शेखर राउत उर्फ कारू राउत, विवेकानंद देव, उज्जवल सिंह, सुनील वर्मा, मृत्युंजय दुबे, टुन्नू बरनवाल, माधव शर्मा, साहिल कुमार उर्फ राजा सहित अन्य उपस्थित थे।
सामाजिक अंकेक्षण की जन सुनवाई में बलथर विद्यालय पर कार्रवाई के निर्देश
- 35 में एक भी मुद्दे का अनुपालन नहीं मिलने पर विद्यालय प्रभारी को फटकार, एक सप्ताह में मांगा अनुपालन प्रतिवेदन
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के आठ विद्यालयों में संपन्न सामाजिक अंकेक्षण के दौरान प्राप्त मुद्दों की समीक्षा एवं उनके निष्पादन को लेकर बुधवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), मोहनपुर के सभागार में प्रखंड स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया। जन सुनवाई में संबंधित विद्यालयों के प्रभारी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने मुद्दों के निष्पादन से संबंधित अभिलेख, फोटोग्राफ, वाउचर, पंजी सहित अन्य दस्तावेज ज्यूरी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किए। जन सुनवाई में उमवि बलथर, उप्रावि अचाटो, उप्रावि बगडुब्बा, उमवि बलजोरा, उप्रावि औराबारी, प्रावि बैजनडीह, उमवि बैजूडीह एवं उमवि अर्जूना में सामाजिक अंकेक्षण के दौरान सामने आए मुद्दों की बारी-बारी से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उमवि बलथर में सामाजिक अंकेक्षण के तहत चिह्नित 35 मुद्दों में से एक भी मुद्दे का अनुपालन नहीं पाए जाने पर ज्यूरी सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। विद्यालय प्रभारी को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी मुद्दों से संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन साक्ष्य सहित बीआरसी कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालय प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
बलथर विद्यालय में पूर्व में विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा कराया गया भवन निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया। ज्यूरी सदस्यों ने इस मामले की जांच के लिए प्रखंड स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया। जांच के बाद मामले को जिला स्तर पर अग्रसारित करने का निर्णय लिया गया। वहीं उमवि बैजूडीह के प्रभारी द्वारा भी किसी मामले के निष्पादन का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर संबंधित प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। उन्हें भी एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण के साथ साक्ष्ययुक्त अनुपालन प्रतिवेदन बीआरसी कार्यालय में जमा करने को कहा गया। जन सुनवाई के दौरान शेष विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े मुद्दों के निष्पादन और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर ज्यूरी सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया। मौके पर डीआरपी पंचम वर्मा, सोशल ऑडिट सदस्य पंकज झा, यदुमणी तांती, सीएसओ चेतना विकास की सदस्य, स्वयं सहायता समूह की सदस्य बिंदु मंडल, जिला प्रतिनिधि संदीप मोदी, बीपीओ रमेश झा, बीआरपी गणेश गौतम, पार्थो सेन, राजकुमार दत्त, संजय यादव सहित बीआरसी कर्मी एवं संबंधित विद्यालयों के प्रभारी मौजूद थे।
महाकाल गणेश पूजा समिति धूमधाम से मनाएगा गणेश उत्सव
- 14 सितंबर को गणपति बप्पा की पूजा, 15 को महाप्रसाद और 16 सितंबर को शोभायात्रा के साथ होगा प्रतिमा विसर्जन
देवघर/नगर संवाददाता। पोद्दार चौक, तपोवन रोड स्थित महाकाल गणेश पूजा समिति की ओर से इस वर्ष गणेश पूजा को भव्य एवं धूमधाम से मनाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी क्रम में मंगलवार को समिति की समीक्षा बैठक महेश प्रसाद राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूजा आयोजन की तैयारियों की अंतिम समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां सदस्यों के बीच बांटी गईं। बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति की ओर से तीन दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विधि-विधान से गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना के साथ भजन संध्या, महाप्रसाद वितरण एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह है। समिति के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 सितंबर को गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद 15 सितंबर की शाम सात बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं 16 सितंबर की शाम सात बजे शोभायात्रा निकालकर गाजे-बाजे के साथ गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।
बैठक में महेश प्रसाद राय, बिट्टू पोद्दार, प्रमोद सिंह, मुन्ना कुमार सिंह, झूलन राय, कुंदन कुमार, अशोक राय, जिप सदस्य प्रमोद सिंह, प्रमोद राय, अभिजीत सिंह, अमरजीत गुजर, अरविंद यादव, बबलू दुबे, रौशन केसरी, चंदन गिरि, पवन दुबे, प्रशांत कुमार, रौशन राजपूत, संजीव दुबे, सुमित कुमार, टिंकू कुमार, विजय कुमार, रौशन कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। समिति के सदस्यों ने बताया कि गणपति बप्पा की पूजा को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य तन-मन-धन से जुटे हुए हैं। आयोजन में श्रद्धालुओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी व्यापक तैयारी की जा रही है।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर कृष्णा सिंह यादव ने जताया शोक
- कहा- राज्य ने जुझारू एवं कर्मठ जनप्रतिनिधि को खो दिया
देवघर/एक संवाददाता। वरिष्ठ राजद नेता कृष्णा सिंह यादव ने झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके असामयिक निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों में शोक की लहर है। कृष्णा सिंह यादव ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक जुझारू, कर्मठ और जनसमर्पित नेता के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में आम लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया। उनके निधन से राज्य ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और संवेदनशील राजनेता को खो दिया है। उन्होंने दिवंगत मंत्री के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से इस कठिन घड़ी में परिवार के सदस्यों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके जनसेवा के कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा।
प्रेम मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर, सड़क निर्माण का विधायक ने दिया आश्वासन
- विधायक सुरेश पासवान ने मां अंबे, राधा कृष्ण और नर्मदेश्वर शिवलिंग का किया दर्शन पूजन
- विधायक ने समिति की मांगों को जल्द पूरा करने की कही बात
देवघर/नगर संवाददाता। स्थानीय विधायक सुरेश पासवान बुधवार की संध्या करीब सात बजे ठाढ़ीदुलमपुर स्थित प्रेम मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में मां अंबे, भगवान राधा-कृष्ण एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग का विधिवत दर्शन-पूजन किया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान गंगा विश्व शांति सद्भावना धाम समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान विधायक सुरेश पासवान ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रेम मंदिर में श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए हाई मास्ट लाइट उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है। मंदिर परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि समिति की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। सुगम आवागमन के उद्देश्य से जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। पथ निर्माण विभाग की ओर से करनीबाग मोड़ से साप्तर तक पक्की सड़क निर्माण तथा ठाढ़ीदुलमपुर रोड से प्रेम मंदिर तक पीसीसी पथ निर्माण कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर पेवर्स लगाने का कार्य विधायक निधि से कराने का भी आश्वासन दिया। विधायक ने प्रेम मंदिर के विकास एवं संचालन में समिति की ओर से किए जा रहे सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रेम मंदिर धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ शहर के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल भी है। यहां श्रद्धालु भक्ति के साथ प्राकृतिक एवं शांत वातावरण में भ्रमण का आनंद भी ले सकते हैं। ऐसे स्थानों के विकास से स्थानीय क्षेत्र को भी नई पहचान मिलती है। मौके पर गंगा विश्व शांति सद्भावना धाम के अध्यक्ष महेश प्रसाद राय ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक होने के नाते समिति की ओर से प्रेम मंदिर तक सुगम आवागमन के लिए सड़क, नाली निर्माण सहित कई मांगें विधायक के समक्ष रखी गई थीं। विधायक ने मंदिर पहुंचकर समिति के पदाधिकारियों के समक्ष इन मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष महेश प्रसाद राय, उपाध्यक्ष अजीत कुमार राय, सचिव अमरेश कुमार सिंह, मनीष कुमार राय, संजीव कुमार सिंह, श्यामाकांत झा, कुणाल राय, बबलू कुमार, ब्रजेश चौधरी, दिलीप कुमार सिंह उर्फ टिंकू, सुधांशु राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन व मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन का डीआरएम ने लिया जायजा
- निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व सुरक्षा से समझौता नहीं करने का निर्देश
मधुपुर/संवाददाता। आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य बुधवार को अधिकारियों की टीम के साथ विशेष सैलून से मधुपुर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन भवन सहित मधुपुर-गिरिडीह बाइपास रेल लाइन के विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीआरएम संग्रह मौर्य ने निर्माणाधीन न्यू मधुपुर स्टेशन में चल रहे टिकट घर, प्रतीक्षालय, केबिन, पैदल ऊपरी पुल, प्लेटफॉर्म तथा यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन स्टेशन भवन के सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद डीआरएम संग्रह मौर्य ने मधुपुर-गिरिडीह बाईपास रेल ट्रैक का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रेल लाइन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से ध्यान रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के पश्चात डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से तेजी के साथ पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले समय में नई रेल सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मिल सके। मौके पर स्टेशन प्रबंधक रवि शेखर समेत डिविजन व स्थानीय अधिकारियों की टीम मौजूद थी ।
झारखंड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर के सुमित ने ट्रिपल जंप में जीता कांस्य पदक
- तीसरी झारखंड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अंडर-20 बालक वर्ग में हासिल की सफलता
देवघर/नगर संवाददाता। बोकारो जिला एथलेटिक संघ के तत्वावधान में चंदनकियारी में आयोजित तीसरी झारखंड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देवघर जिले के खिलाड़ी सुमित सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। बुधवार को आयोजित अंडर 20 बालक वर्ग की ट्रिपल जंप स्पर्धा में सुमित ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सुमित ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से देवघर के खेल प्रेमियों एवं खेल जगत में खुशी का माहौल है। सुमित की सफलता को जिले में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा का परिणाम माना जा रहा है। जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा ने सुमित सिंह की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक हासिल करना देवघर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सुमित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर वह आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। सुमित की उपलब्धि से उनके प्रशिक्षकों, परिजनों और साथी खिलाड़ियों में भी उत्साह है।
नगर पुस्तकालय में तीन व चार को होगा मेगा क्विज का फाइनल
मधुपुर/संवाददाता। मंत्री हफीजुल हसन ने पथलचपटी स्थित आवासीय कार्यालय में दिशोम गुरुझ्रहाजी साहब मेगा क्विज प्रतियोगिता-2026 के फाइनल की तैयारी को लेकर बैठक किया। मौके पर मंत्री हफीजुल ने कहा कि 03 एवं 04 अक्टूबर 2026 को नगर पुस्तकालय भवन प्रतियोगिता का फाइनल होगा। जिसके पहले चरण में 261 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 50 प्रतिभाशाली प्रतिभागी फाइनल के लिए चयनित हुए हैं। अब इन 50 प्रतिभागियों के बीच 10 रोमांचक राउंड में ज्ञान, तर्क और आत्मविश्वास की असली परीक्षा होगी।
माननीय मंत्री ज़नाब हफीजुल हसन अंसारी साहब के मार्गदर्शन में यह पहल मधुपुर के युवाओं को शिक्षा और प्रतिभा के लिए एक मजबूत मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले। मौके पर पंकज पीयूष, संजय शर्मा, परवेज आलम, सियाराम राय आदि मौजूद थे।