देवघर/वरीय संवाददाता। रिखिया रोड स्थित सर्वोदय विद्यालय में शुक्रवार को रंगोली बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा दो से छह तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक रवि शंकर साह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव खुशियों, सुख-समृद्धि और नई आशाओं का पर्व है। यह पर्व सभी के जीवन से दुखों का अंधकार दूर कर खुशियों का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। प्रतियोगिता में सचिन कुमार, ऋषिकांत कुमार एवं शुभम कुमार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। परी कुमारी, तन्नू कुमारी एवं सारथी कुमारी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। टुकटुक कुमारी, अनुष्का कुमारी एवं साक्षी वर्मा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वीर और शिवांश की जोड़ी चौथे स्थान पर रही। जूनियर ग्रुप में शिवांश कुमार, आशीष कुमार एवं शुभम कुमार का प्रयास भी सराहनीय रहा। बच्चों की रंगोलियों को देखकर अभिभावकों ने उनकी प्रतिभा की प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक अमन कुमार एवं सोनम कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सुपरवाइजरों के साथ जूम बैठक
- प्रपत्र-1, 2 और 3 के संबंध में दिए गए तकनीकी दिशा-निर्देश, सोशल मीडिया अभियान चलाने पर भी जोर
देवघर/वरीय संवाददाता। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल संचालन को लेकर उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल की अध्यक्षता में सभी सुपरवाइजरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को प्रपत्र-1, प्रपत्र-2 एवं प्रपत्र-3 के संबंध में विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित कर्मी पारदर्शिता और सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड रांची के निर्देशानुसार सोशल मीडिया अभियान की भी जानकारी दी गई। इसके तहत दोपहर 12 बजे से एक बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इसमें सुपरवाइजरों, बीएलओ एवं आम नागरिकों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईसीआई नेट टैग का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से अधिक से अधिक मतदाताओं को निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को स्वयं इस टैग का उपयोग करने और अपने-अपने क्षेत्रों के नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
चीनी की बढ़ती कीमत पर नियंत्रण पाने में केंद्र सरकार विफल : अजय
देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार चीनी की कीमतों पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू होने के कारण बाजार में चीनी की मांग बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे समय में इसकी कीमतों में वृद्धि से छोटे व्यापारियों और मिठाई कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। अजय कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में चीनी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से कारोबारियों की लागत बढ़ेगी और उन्हें इसका बोझ ग्राहकों पर डालना पड़ सकता है। इससे पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों की खुशियां भी प्रभावित होंगी। उन्होंने केंद्र सरकार से चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
पप्पू यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला, बोले- बागेश्वर बाबा हो चुके हैं पागल
- राम-कृष्ण के बीच विवाद पैदा कर सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश का लगाया आरोप
देवघर/वरीय संवाददाता। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और सनातन परंपरा को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। देवघर पहुंचे पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बागेश्वर बाबा पागल हो चुके हैं और उन्हें आगरा या रांची के मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया जाना चाहिए।
राम और कृष्ण को लेकर बयानबाजी पर जताई नाराजगी : मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री कभी भगवान श्रीराम तो कभी भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित और अमर्यादित बयान देते हैं। यहां तक कि भगवान हनुमान से फोन पर हेलो-हेलो बात करने का दावा भी करते हैं। सांसद ने इसे ढोंग और अंधविश्वास फैलाने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर इस तरह की बयानबाजी स्वीकार्य नहीं है।
सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश का आरोप : पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच विवाद खड़ा करने की कोशिश के पीछे सनातन धर्म को कमजोर करने और समाज को बांटने की साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण एक-दूसरे के पूरक हैं। सनातन परंपरा में दोनों की आराधना साथ-साथ होती रही है। ऐसे में दोनों के बीच टकराव पैदा करने वाली बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पहले आस्था पर चोट, फिर माफी मांगना समाधान नहीं : सांसद ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने के बाद माफी मांगने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी की आस्था, भाषा, क्षेत्र या जाति पर प्रहार करने की अनुमति कानून नहीं देता। पहले भावनाओं को ठेस पहुंचाना और फिर माफी मांग लेना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
नेत्रहीन युवक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने का निर्देश
- उपायुक्त के जनता दरबार में कई मामलों की सुनवाई, अवैध निर्माण और गली अतिक्रमण की जांच का आदेश
देवघर/वरीय संवाददाता। जिलावासियों की समस्याओं के समाधान एवं त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना, पेंशन, आवास, पेयजल और राजस्व से संबंधित समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में गिधनी पंचायत निवासी नेत्रहीन युवक श्रवण कुमार मांझी के मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर उन्हें अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने और इसकी जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मोहनपुर प्रखंड के मोरने गांव निवासी मुतापसा खातून ने आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने उपविकास आयुक्त को मामले की जांच करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय एवं योग्य उम्मीदवार का चयन सुनिश्चित हो सके। जसीडीह निवासी आजाद मियां के आवेदन पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लंबित बकाया राशि की जांच कर भुगतान कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, बीएन साह रोड से जुड़े एक आवेदन पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी को बिना स्वीकृत नक्शे के मकान निर्माण तथा सार्वजनिक गली की जमीन पर अतिक्रमण के मामले की जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। सारवां प्रखंड के सिरसा गांव के सिबलियाटांड़ टोला, पंचायत बड़ाजोरी में पेयजल समस्या के समाधान के लिए कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को शत-प्रतिशत निदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मधुपुर निवासी खालिद के आवेदन पर उन्हें डेयरी फार्म व्यवसाय के लिए गव्य विकास योजना से जोड़ने को कहा गया। जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कुछ मामलों का संबंधित विभागों की ओर से मौके पर ही निष्पादन किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों एवं विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। लापरवाही बरतने या मामलों को लंबित रखने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उपायुक्त ने बच्ची को दी कैरियर काउंसिलिंग : जनता दरबार में सारवां प्रखंड की एक छोटी बच्ची अपनी समस्या लेकर नहीं, बल्कि उपायुक्त से मार्गदर्शन और बातचीत करने पहुंची थी। बच्ची की पहल को देखकर उपायुक्त ने उससे आत्मीय बातचीत की और उसकी रुचि तथा आगे की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्ची को बेहतर कैरियर काउंसिलिंग देते हुए सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
धनतेरस पर देवघर के बाजारों में करोड़ों की खरीदारी, देर रात तक उमड़ी भीड़
- सराफा से लेकर ऑटोमोबाइल शोरूम तक रही रौनक, बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित
देवघर/वरीय संवाददाता। धन, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का प्रतीक धनतेरस का पर्व शुक्रवार को देवघर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। टावर चौक, बड़ा बाजार और बर्तन बाजार सहित अन्य प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। भीड़ के कारण कई सड़कों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य घरेलू सामानों की खरीदारी करते नजर आए।
सराफा से लेकर ऑटो शोरूम तक गुलजार : धनतेरस पर सराफा दुकानों में सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और आभूषण खरीदने वालों की भीड़ रही। वहीं बर्तन बाजार में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की अच्छी मांग देखी गई। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में फ्रिज, टीवी और मोबाइल की खरीदारी हुई। ऑटोमोबाइल शोरूम में नई गाड़ियों की बुकिंग को लेकर भी ग्राहकों में उत्साह रहा। व्यापारियों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बिक्री में लगभग 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। धनतेरस पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की पूजा : धनतेरस को आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस अवसर पर लोगों ने शाम को घरों में भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। घरों के मुख्य द्वार पर दीप जलाए गए और यम के नाम से दीपदान किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन दीपदान करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट : पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल, यातायात कर्मियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया था। प्रशासन ने लोगों से खरीदारी के दौरान अपने सामान और बच्चों का ध्यान रखने, निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने तथा दीप और मोमबत्ती जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की। पटाखे सुरक्षित स्थान पर और बड़ों की निगरानी में चलाने की सलाह दी गई। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करने की अपील की गई।
पुलिस बनकर ट्रक लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया ट्रक व वारदात में प्रयुक्त इनोवा कार बरामद
- जीएसटी बिल को फर्जी बताकर चालक व खलासी को बनाया था बंधक, ट्रक मालिक से मांगे थे पैसे
- दोनों आरोपित भेजे गए न्यायिक हिरासत में
देवघर/संवाददाता। पुलिस का रूप धारण कर ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में तार लोड ट्रक को रोककर चालक और खलासी को अपनी गाड़ी में बैठाने तथा ट्रक मालिक से पैसे की मांग कर ट्रक लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में मूल रूप से जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गादी नवादा निवासी मुकेश कुमार राय वर्तमान पता मानिकपुर थाना जसीडीह जिला देवघर तथा मूल रूप से जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बाजार झाझा निवासी कैलाशपति मिश्रा वर्तमान पता मानिकपुर थाना जसीडीह जिला देवघर शामिल हैं। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने बताया कि पांच नवंबर की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने खुद को पुलिस बताकर तार लोड ट्रक को कागजात जांचने के बहाने रोका है। अपराधियों ने ट्रक में लोड सामान से संबंधित जीएसटी बिल की मांग की। चालक द्वारा बिल दिखाने पर अपराधियों ने उसे फर्जी बताते हुए चालक और खलासी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद ट्रक मालिक से पैसे की मांग की गई। पैसे लेने के बाद अपराधी ट्रक लूटकर फरार हो गए। घटना को लेकर दिल्ली के रोहिणी स्थित भगवानपुरा, जेजे कैंप, थाना समयपुर बादली निवासी रामेश्वर के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मोहनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक संख्या डीएल 011एलएएच 4721, घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार संख्या जेएच 15-एएफ 0051 और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
अपराधिक इतिहास और अन्य आरोपितों की तलाश जारी : छापेमारी टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार रंजन, सुरेश कुमार रमानी एवं प्रमोद कुमार सहित पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगाने के साथ ही इस कांड में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत, भाई गंभीर रूप से घायल
देवघर/संवाददाता। चोपामोड़ स्थित जैप -05 गेट के सामने ब्रेकर के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एक टैंकर की चपेट में आने से हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में मृतका के ससुर गणेश पंडित (65 वर्ष), निवासी शंकरपुर, थाना तालझारी, जिला दुमका के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। कहा है कि 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:45 बजे उनकी पतोहू सीमा देवी (37 वर्ष), पति डिगन पंडित, अपने भाई रमेश पंडित (21 वर्ष), पिता गोपाल पंडित निवासी बरिमोडीह थाना मोहनपुर, जिला देवघर के साथ हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से बरिमोडीह स्थित घर से देवघर आने के लिए निकली थी। बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही दोनों चोपामोड़ स्थित जैप 05 के गेट के सामने ब्रेकर के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे जियो रिलायंस कंपनी के टैंकर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सीमा देवी और उनके भाई रमेश पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के ससुर गणेश पंडित ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि जियो रिलायंस कंपनी के टैंकर संख्या जेएच -05डीएन -1541 के चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें उनकी पतोहू की जान चली गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उक्त टैंकर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। 31 अक्टूबर को सदर अस्पताल देवघर के बरामदे में बैद्यनाथधाम ओपी, सदर अस्पताल के पुलिस पदाधिकारी प्रेम कुमार टुडू ने मृतका के शव के सामने गणेश पंडित का बयान दर्ज किया। पुलिस मामले में फर्दबयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
राजधनवार यूको बैंक डकैती कांड का देवघर से जुड़ रहा तार, पुलिस ने की छापेमारी
- मधुपुर के मिसरना डकैती कांड में गिरफ्तार रॉकी का नाम भी आया सामने
- हिरना-सुरातिलोना इलाके से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर लौटी गिरिडीह पुलिस
देवघर/संवाददाता। गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में नकदी और करोड़ों रुपये के सोने की डकैती के मामले में देवघर कनेक्शन सामने आ रहा है। देवघर जिले के कुछ अपराधियों की संलिप्तता की आशंका के बाद गिरिडीह पुलिस ने देवघर पुलिस से संपर्क किया है। सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह पुलिस ने गुरुवार देर रात देवघर पुलिस के सहयोग से हिरना-सुरातिलोना इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। इसके बाद शुक्रवार अहले सुबह उसे लेकर टीम गिरिडीह लौट गई।
सूत्रों की मानें तो अक्टूबर 2025 में मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना गांव में हुई डकैती के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से दो की तलाश गिरिडीह पुलिस को राजधनवार बैंक डकैती कांड में है। इस मामले में बेंगाबाद के रॉकी और चीकू नामक अपराधियों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि रॉकी को मिसरना डकैती कांड में देवघर पुलिस ने अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब उसका नाम राजधनवार बैंक डकैती मामले की जांच में सामने आने की चर्चा है।
जमुआ में हथियार के साथ पकड़ा गया था देवघर का आरोपी : बताते चलें कि पांच नवंबर को राजधनवार स्थित यूको बैंक में डकैती की घटना के बाद गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमुआ थाना क्षेत्र में एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। वह देवघर जिले के गुगलीडीह इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। इसी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने देवघर से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, इस कांड में बिहार के कुछ अपराधियों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। गिरिडीह पुलिस फिलहाल मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। पुलिस की छापेमारी और जांच के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।