- अपने साथियों के साथ आम तोड़ने गया था प्रीतम
- मृत बच्चे के पिता ने पेड़ मालिक पर लगाया बच्चे की हत्या का आरोप
- एसडीएम के आदेश पर तीन दिन पहले दफनाए गये शव को पुलिस अभिरक्षा ने निकाला गया बाहर
- पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सारवां/संवाददाता। एसडीएम देवघर के निर्देश पर शनिवार को थाना क्षेत्र के मनिगढ़ी अजय नदी घाट में तीन दिन पहले दफनाए गए मानिगढ़ी गांव निवासी राजेश यादव के 10 वर्षीय पुत्र के शव को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजेश कुमार साहा थाना प्रभारी कौशल कुमार सिंह की उपस्थिति में बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा गया। संबंधित मृत बच्चे के पिता थाना क्षेत्र के मनीगड़ी गांव निवासी राजेश यादव ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर उनके पुत्र को मारपीट कर गंभीर करने से इलाज के क्रम में मौत हो जाने का आरोप लगाया है इसके आलोक में एसडीएम देवघर के निर्देश पर सारवां सीओ राजेश कुमार साहा को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दिए गए आवेदन में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 7 मई को 12:30 बजे दिन में उनका पुत्र प्रीतम कुमार (10) अपने मित्रों के साथ मनीगढ़ी स्कूल के बगल में गनू झा के आम के पेड़ से आम तोड़ रहा था। इसी बीच गनू झा वहां आ गए जिसको देखकर सभी बच्चे भाग गए। उनका पुत्र पेड़ पर से नीचे नहीं उतर पाया। उसे गनू झा ने जबरन उतारा और अपने दोनों हाथों से जान मारने की नीयत से गर्दन पकड़कर ऊपर उठाते हुए जमीन पर पटक दिया। जिसके कारण वह बेहोश हो गया। आनन-फानन में ग्रामीणों के सहयोग से उसे इलाज हेतु सीएचसी सारवां लाया। जहां से उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया गया। जहां इलाज के क्रम में उसका सीटी स्कैन कराया गया लेकिन इजाज के दौरान ही बच्चे की मौत हो गयी। उसके मृत्यु होने के बाद गनू झा के सहयोगियों ने सांप काटने के कारण मृत्यु की अफवाह फैलाया और बच्चे को दफना देने की सलाह दी। तब परिजनों द्वारा मनीगढ़ी घाट के अजय नदी में उसे दफना दिया गया। बाद में मृत बच्चे के साथियों उपरोक्त बातों की जानकारी दी। इसके मृत बच्चे के पिता ने थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज करवाया। फिलहाल थाने में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है। प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी राजेश कुमार साहा ने बताया की एसडीएम देवघर के निर्देश पर दफना गए 10 वर्षीय बच्चे का शव का सकुशल बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। इस अवसर पर एएसआई मोहम्मद मकबूल अंसारी, धर्मेंद्र कुमार सिंह, समाजसेवी चिरंजीवी यादव कांग्रेस प्रखंड युवा अध्यक्ष संजय दत्त समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
तीन सदस्यीय डाक्टरों की टीम ने किया शव का पोस्टमार्टम
देवघर/नगर संवाददाता। मृत बच्चे का मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी गयी। टीम में डॉ कुंदन कुमार, डॉ रवि शेखर व डॉ संजय कुमार यादव शामिल थे।
बता दें कि सारवां थाना क्षेत्र मणिगढ़ी में राजेश यादव के 10 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार की जान एक आम फल तोड़ने के कारण चली गई। घटना सात मई की बताया जा रहा है, परिजनों ने जिसके बाद चौकीदार को इसकी सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि रास्ते में पड़े बच्चे के शव को कब्जे में लेकर परिजनों ने सारवां सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद सदर अस्पताल देवघर बेहतर इलाज के लिए भेज दिया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। लोगों की सलाह पर बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर समीप के अजय नदी में दफना दिया गया। इसके बाद 8 मई को परिजनों को पता चला कि गनू झा मणिगढ़ी निवासी ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसे देखकर कुछ बच्चे भाग गए और आधा घंटा बाद उसे जमीन पर गिरा हुआ देखा। आम का पेड़ गनू झा का ही बताया जा रहा है। परिजनों ने इस बात की सूचना सारवां थाना पुलिस को 8 मई को दिया लेकिन पुलिस का रवैया सुस्त देखा। जिसके बाद वरिय अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार के निर्देश पर आज 10 मई को नदी में दफनाए शव को दंडाधिकारी सह सारवां अंचलाधिकारी राजेश कुमार साह व सारवान थाना प्रभारी कौशल कुमार सिंह की उपस्थिति में निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। जहां शाम साढ़े छह बजे के आसपास तीन सदस्यीय डाक्टरों की टीम ने अंचलाधिकारी सारवां की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया।
भीतिया प्राथमिक विद्यालय के अध्यक्ष बने मोहम्मद साफी व शीला उपाध्यक्ष
प्रबंधन समिति के चयनित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ पर्यवेक्षक
मधुपुर/संवाददाता। जिला शिक्षा अधीक्षक देवघर के निर्देश के आलोक में जिन विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति का कार्यकाल तीन वर्ष पूरा हो चुका है वहां नए ढंग से विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव करने का निर्देश दिया गया था। इसी के आलोक में शनिवार को प्रखंड के भीतिया उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मे प्रबंधन समिति का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव में मो साफी अहमद अध्यक्ष और शीला देवी का चयन उपाध्यक्ष के रूप में किया गया। शांति पूर्वक चुनाव कराने के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। ज्ञात हो कि पुराने समिति के जगह अब नई समिति विद्यालय में कार्य करेंगे। चुनाव संपन्न कराने में पर्यवेक्षक के रूप में उत्तम केशरी एवं तारकेश्वर राउत मौजूद थे।
मधुपुर का रेल टिकट काउंटर नये भवन में हुआ शिफ्ट
- एसी व नन एसी शयनकक्ष, विश्रामालय व प्रतीक्षालय भी उपलब्ध
मधुपुर/संवाददाता। यात्रियो की सुविधा को देखते हुए मधुपुर रेलवे स्टेशन पर स्थित पुराना टिकट काउन्टर को नवनिर्मित दो तल्ला भवन मे शिफ्ट कर दिया गया है। अब यात्री नवनिर्मित भवन मे स्थापित टिकट काउन्टर से यात्रा टिकट ले सकेंगे।
यहां विभिन्न वर्गो के लिए कुल पांच अलग-अलग खिड़की बनाए गए हैं। जिसमें दिव्यांगजन, आरक्षण खिड़की समेत तीन अनारक्षित खिड़की से टिकट मिल रहा है। यहां आरामदायक टिकट खिड़की है। यात्रियों के कतारबद्ध होने के लिए रेलिंग बनाया गया। यहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से किसी भी गतिविधि की निगरानी होगी। इसके अलावा अत्याधुनिक सुविधा से लैश एसी और नन एसी तीन प्रतीक्षालय और एक शयनकक्ष बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर में नन एसी दो तथा प्रथम तले पर एक वातानुकूलित शयनकक्ष और एक वातनुकूलित विश्रामालय बनाया गया है।बाहर से आने वाले यात्रियों को अब परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नया टिकट काउंटर पुराने टिकट घर भवन के पीछे तथा माल गोदाम कार्यालय के समीप निर्माण कराया गया है।
राष्ट्रीय लोक अदालत मे 38005 मामले सलटाए गए
- 1,80,00818 की हुई वसूली
मधुपुर/संवाददाता। व्यवहार न्यायालय परिसर मे झालसा के निर्देश पर शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें द्विपक्षीय सुलह समझौते के आधार पर मामले का निष्पादन किया गया। लोक अदालत मे चार बैच आयोजित कर कुल 38005 मामले सलटाए गए जिससे 18000818 की राशि वसूली गई। जिसमे बैंक से संबंधित कुल 88 मामलों को निपटारा कर 1590443 की वसूली की गई। रेलवे के 37718 मामला का निपटारा कर 16395375 की रिकवरी की गई। एक्साइज के पांच मामलों को सलटाते हुए 15 हजार की वसूली की गई। इसके अलावे क्रिमिनल कंपाउंड से 35 , एनआई एक्ट के एक तथा एमसीए से 158 मामला का निषपादन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मौके पर अविनाश कुमार दुबे जिला एडिशनल सेशन जज वन, मिस पूजा सिविल जज एसीजेएम,जूलियन आनंद टोप्पो रेलवे मजिस्ट्रेट, सुचिता निधि तिग्गा एसडीजेएम समेत अधिवक्ता प्रमोद कुमार वर्मा, विनोद कुमार सिन्हा, राजकुमार भगत, दीपक कुमार, संजय कुमार सिंह, प्रणय कुमार सिन्हा ,सरिता कुमारी समेत कोर्टकर्मी विनोद कुमार सिंह, आशीष कुमार देव, देवेन्द्र सिंह, अभिषेक कुजूर मौजूद थे।
आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ सीडीपीओ ने की समीक्षा बैठक
- व्यवस्था सुधार को लेकर सेविकाओं को दिया गया आवश्यक निर्देश
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नीतू कुमारी ने सेक्टर-5 और सेक्टर-6 की आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में फेस कैप्चर तकनीक और बच्चों की शत-प्रतिशत ग्रोथ ऑनलाइन अपडेट करने को लेकर दिशा-निर्देश दिया। सीडीपीओ ने बताया कि पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से सभी लाभार्थियों की दैनिक उपस्थिति दर्ज करना, फेस कैप्चर के जरिये पहचान सुनिश्चित करना और बच्चों की ग्रोथ की नियमित ऑनलाइन प्रविष्टि करना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि सेविकाएं प्रधानमंत्री मातृ वंदना का लाभ सभी लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम करें। सेविकाओं को समय पर आंगनबाड़ी केंद्र खोलने और साफ-सफाई बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया गया है। फेस कैप्चर तकनीक को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सेक्टर स्तरीय पर सेविकाओं को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। सीडीपीओ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी सेविका को तकनीकी प्रक्रिया में कोई कठिनाई हो तो वह कार्यालय में संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती है। बैठक के दौरान सभी उपस्थित सेविकाओं को फेस कैप्चर ऐप के संचालन की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पर्यवेक्षिका प्रियंका कुमारी, अग्नी बेक, सालंती हेंब्रम, प्रधान सहायक प्रकाश दास और कंप्यूटर ऑपरेटर टिंकू दास सहित दर्जनों सेविकाएं मौजूद थी ।
13 मई को झारखंड आंदोलनकारियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र
- पालोजोरी प्रखंड के 184 लोगों को मिलेगा प्रमाण-पत्र
पालोजोरी। संवाददाता। झारखंड राज्य के निर्माण के लिए जिन्होंने अपना तन मन और धन लगाया, वैसे लोगों को झारखंड आंदोलनकारी के रूप में चिह्नित किया गया है और चिह्नतीकरण का काम जारी भी है। ऐसे लोगों को 13 मई को राज्य सरकार की तरफ से प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। पालोजोरी के मॉडल डिग्री कॉलेज में प्रमाण-पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां पालोजोरी और सारठ प्रखंड के आंदोलकारियों को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। एसडीओ, मधुपुर द्वारा कार्यक्रम को लेकर पालोजोरी और सारठ के बीडीओ और सीओ को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पालोजोरी प्रखंड से प्रथम चरण के लिए 184 आंदोलकारियों का नाम चिह्नित किया गया है। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री हफीजुल हसन, दुमका सांसद नलिन सोरेन, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ़ चुन्ना सिंह सहित अन्य कई प्रबुद्घ लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।
मुक्तिधाम में गंदगी फैलाने पर ग्रामीणों में आक्रोश
सारठ/संवाददाता। सारठ बाजार के अजय नदी के श्मशान घाट पर सारठ चौक के मिठाई व्यवसायियांें एवं मछली व्यवसायियों द्वारा गंदगी फैलाने जाने पर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। विगत दिन दाह संस्कार करने गये स्थानीय ग्रामीणें ने घाट पर गंदगी के अंबार देख आक्रोश प्रकट किया। ग्रामीण उमेश गुप्ता ने कहा कि हमारे पूर्वजों एवं आसपास के सैकड़ों गांव के लोग इसी मुक्तिधाम में दाह संस्कार करने इसी घाट पर आते रहे हेै। दाह संस्कार की जगह पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और दाह संस्कार करने आने वाले लोगों को घाट से हटकर काफी दूरी पर करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशन घाट की घेराबंदी कराये, गंदगी की सफाई कराने, एक पेड़ लगाने की मांग की है। इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए स्थानीय विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी पहल करने की मांग रखी है।
स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
सारवां/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के पहाड़िया गांव हेरलाडीह में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आंगनबाडी केंद्र में सीएचओ संतोष प्रमाणिक की देखरेख में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सीएचाओं के द्वारा गांव के लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गयी। बताया कि कि शिविर में एनसीडी स्क्रीनींग 25 के अलावा ओपीडी में 21 और कोल्ड फीवर के 15 लोगों की जांच कर उन्हें दवा दी गई। वहीं जांच को लेकर बीडीओ रजनीश कुमार, बीएओ विजय कुमार देव हेरलाडीह गांव पहुंचे व लोगों से मिल कर उनका हालचाल लिया गया. मौके पर उनके द्वारा बच्चों के बीच टॉफी और बिस्कुट का वितरण किया गया।
सड़क दुर्घटना में मछली व्यापारी घायल
सारवां/संवाददाता। थाना क्षेत्र के डहुवा पुल के पास जर्जर सड़क पर बाइक का संतुलन बिगड़ जाने से पालोजोरी निवासी मछली का व्यापारी आनंद कापरी गंभीर रूप से घायल हो गये। जिसे इलाज के लिये सीएचसी लाया गया। मौके पर उसका प्राथमिक इलाज किया गया। घायल ने बताया कि वह मछली लाने पालोजोरी से रोहिणी जा रहे थे। पुल के पास जर्जर सड़क पर संतुलन बिगड़ने से वह गिरकर घायल हो गये।
- इंटरनेशनल मदर्स डे स्पेशल
‘ईश्वर हर जगह स्वयं नहीं रहते, इसलिए मां की रचना हुई है’
संतोष दत्ता/पालोजोरी। आज 11 मई को विश्व के कई देशों में मदर्स डे मनाया जाएगा। ऐसे तो मां के दिन और प्यार के लिए कोई दिन और तारीख नहीं होती है, फिर भी इतिहास की कुछ घटनाओं ने मदर्स डे को प्रभावी बनाया है।
मदर्स डे का उद्देश्य : मां के नि:स्वार्थ सेवा और प्यार के बदले उन्हें सम्मान और धन्यवाद देने के लिए लोगों को जागरूक करना है।
मदर्स डे का इतिहास : ऐसे तो मदर्स डे की शुरुआत को लेकर कई कहानियां हैं। 27 मई, 1812 की बोलिविया की क्रांति से जोड़कर इसे देखा जाता है। जिसमें स्पेन की सेना ने बॉलीविन महिलाओं की नृशंस हत्या कर दी थी, जो आजादी के लिए लड़ रही थी। तभी से वहाँ 27 मई को मदर्स डे मनाया जाता है। भारत में यूएसए की तर्ज पर मई माह के दूसरे रविवार को मदर्स डे मनाया जाता है।
मदर्स डे पर माँ ने रखी अपनी बातें :
ईश्वर सभी जगह नहीं रह सकते, इसलिए मां की रचना की गई है। माँ के प्यार की कोई तुलना भी नहीं और मां के लिए कोई खास दिन भी नहीं। हर दिन माँ खास होती है। मां तो बस मां होती है।
अंजली देवी।
अपने बच्चों को अपनी आंखों के सामने बड़ा होता और कामयाब होते देखना ही मदर्स डे का महत्व है। आधुनिकता के चकाचौंध में लोग अपनी जिम्मेदारी से भागते हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है।
दीपिका दास।
परिवार को संभालने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है। इसमें माँ की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। सभी मां का सम्मान ही मदर्स डे का औचित्य है।
कविता दत्ता
मां की भूमिका परिवार से लेकर समाज तक है। परिवार की खुशियाँ ही सभी माँ की प्राथमिकता होती है। मां को दरकिनार कर सभी खुशियाँ बेमानी हैं।
रूपाली साहा।