देवघर/वरीय संवाददाता। डिवीजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्यों एवं संताल परगना चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज देवघर के प्रतिनिधियों द्वारा बासुकीनाथ एवं दुमका रेलवे स्टेशनों का संयुक्त रूप से स्टेशनों में यात्री सुविधा का जायजा लिया। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रिंस सिंघल, महेश लाठ, आलोक मल्लिक (अध्यक्ष, तथा रितेश टिबरेवाल शामिल थे।
इस दौरे का उद्देश्य वर्तमान यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन पर उपलब्ध अधिसंरचना की समीक्षा करना एवं आवश्यक सुधारों की पहचान करनी थी। टीम ने स्टेशन अधिकारियों एवं यात्रियों से संवाद कर सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, रोशनी, संकेतक बोर्ड और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही आगामी श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं पर भी स्टेशन मैनेजर के साथ विचार साझा किया।
दौरे के दौरान प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं को टीम द्वारा विस्तारपूर्वक नोट किया गया है। ये मुद्दे आगामी बैठक में उठाएं जाएंगे, जहाँ संबंधित विभागों को आवश्यक अनुशंसाएं भेजी जाएंगी। दोनों ही कमेटी के लोग नेआसनसोल मंडल में रेलवे सुविधाओं के विस्तार एवं यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निरंतर प्रयासरत है।
तम्बाकू उत्पाद बिक्री के खिलाफ चला छापेमारी अभियान
- कई दुकानदारों को चेतावनी
पालोजोरी/संवाददाता। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने पालोजोरी बाजार में एक विशेष अभियान चलाया। जिला परामर्शी अभिमन्यु दांगी और पालोजोरी थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह दल बल के साथ पालोजोरी बाजार के कई दुकानों में पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम सिगरेट और तम्बाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गयी और प्रावधान के अनुसार उनपर आर्थिक दंड लगाया गया। कुल छ: दुकानदारों पर 800 रुपए फाइन किया गया। टीम ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना, दुकान के सामने सिगरेट व तम्बाकू उत्पादों का विज्ञापन लगाना और माचिस, लाइटर, एश ट्रे जैसी वस्तुएं उपलब्ध कराना अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल परिसर से 100 गज के भीतर तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित है। इस नियम का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी। अपनी दुकानों के प्रवेश द्वार पर सफेद पृष्ठभूमि में ”गैर धूम्रपान क्षेत्र, यहां धूम्रपान करना अपराध है” वाला बोर्ड अवश्य लगाएं।
पुलिस इंस्पेक्टर ने थानेदारों के साथ किया रिव्यू मीटिंग
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी पुलिस अंचल के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र मंडल ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में पालोजोरी, खागा, चितरा, सारठ और पथरअड्डा थाना के थानेदारों के साथ रिव्यू मीटिंग किया। सभी पेंडिंग केस की समीक्षा की गई और अविलंब केस डिस्पोजल करने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना क्षेत्र में अवैध बालू, कोयला, लकड़ी के कारोबार पर पैनी नजर बनाए रखें और विधिसम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस पब्लिक रिलेशनशिप को मजबूत करने की बात भी की गई। मौके पर प्रभात कुमार, सूरज कुमार, संदीप कुमार आदि मौजूद थे।
कलश यात्रा के साथ प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू
जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह के बाघमारा स्थित मंदिर में बुधवार को कलश शोभा यात्रा के साथ मां काली एवं मां शीतला की विधिविधान से प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। बाघमारा मां काली मंदिर समिति के सौजन्य से आचार्य विष्णुधन मिश्रा एवं पुरोहित अजय झा ने मां काली एवं मां शीतला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूजक ओम प्रकाश दुबे एवं उनकी पत्नी के हाथों से पूजा अर्चना कराया गया। बुधवार की सुबह कलश शोभा यात्रा निकाली गई। जो बाघमारा, नारायणपुर आदि क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए रूपसागर गांव स्थित तालाब पहुंची। जहां आचार्य विष्णुधन ने पूजन आदि कराकर कलश में जल भरवाया। इसके बाद कलश शोभा यात्रा वापस बाघमारा स्थित मंदिर पहुंची। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में युवतियों एवं महिलाओं ने चुनरी ओढ़े विधिवत कलश को मस्तक पर धारण कर कलश शोभा यात्रा में शामिल हुई थीं। कलश शोभा यात्रा एवं मां काली एवं मां शीतला की जयघोष से से बाघमारा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति का संचार हो गया। मां काली मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सात मई को कलश शोभा यात्रा एवं अष्टयाम,आठ मई को पूजा एवं चंडी पाठ एवं नौ मई को मां काली एवं मां शीतला की प्राण-प्रतिष्ठा, पूजा आरती और बलि पूजा होगी। मां काली एवं मां शीतला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को सफल बनाने में मां काली मंदिर समिति बाघमारा के अध्यक्ष बालकृष्ण दुबे, अशोक दुबे, ओम प्रकाश दुबे, निवर्तमान वार्ड पार्षद कन्हैया दुबे, दीपक दुबे,बसंत दुबे, निषिद्ध उर्फ प्रिंस कुमार मालवीय, विजय कुमार दुबे, गुड्डु दुबे, राहुल कुमार दुबे, अभिषेक दुबे, प्रीतम दुबे, पंकज दुबे, अक्षय कुमार दुबे, बंटी दुबे, मनोहर कुमार, बबलू दुबे, गुलजार दुबे आदि सहित बाघमारावासी लगे हुए हैं।
सेमेस्टर टू की परीक्षा शांतिपूर्वक हो रही संचालित
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर महाविद्यालय में चल रहे सेमेस्टर टू की परीक्षा बुधवार को संपन्न हुई।
बता दें कि अंतिम दिन कुल 1065 छात्रों में 72 छात्र अनुपस्थित रहे। 993 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में आयोजित हुई। इसको लेकर केंद्राधीक्षक डॉ. रत्नाकर भारती और परीक्षा नियंत्रक डॉ.उत्तम शुक्ला ने सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया। कदाचार करने वाले छात्र-छात्राओं को कड़ी हिदायत दी गयी। गुरुवार से दोनों पालियों बीएड टू सेमेस्टर की परीक्षा भी प्रारंभ होगी। जिसकी तैयारी कर ली गई है।
प्रमुख की अध्यक्षता शोकसभा का आयोजन
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख प्रतिमा देवी की अध्यक्षता में झारखंडी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य ममता देवी के निधन पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में उपस्थित लोगों ने मृतका की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। पंसस सदस्य की 10 दिन से तबीयत खराब रहने के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर हायर सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से उनके निधन हो गया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी, बीपीआरओ विनय ठाकुर, प्रखंड समन्वय पदाधिकारी राजेश कुमार, रोहित कुमार समेत दर्जनों से अधिक पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।
कोलियरी क्षेत्र में तेज आंधी और ओलावृष्टि से राहत
- कोयला उत्पादन पर दिखा असर
चितरा/संवाददाता। बुधवार शाम पांच बजे के करीब कोलियरी क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के साथ हुई जोरदार ओलावृष्टि ने जहां लोगों को तपती गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं दूसरी ओर जनजीवन और कोलियरी में औद्योगिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हुईं।
तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे कामकाज पर सीधा असर पड़ा। कोलियरी में कोयला उत्पादन और ओबी (ओवर बर्डन) खनन कार्य पूरी तरह से बाधित हो गया। बारिश के कारण खदान क्षेत्रों और सड़कों पर जलजमाव हो गया, जिससे चारों ओर कीचड़ फैल गया। परिणामस्वरूप, खदानों में कार्यरत ऑपरेटरों को भारी वाहनों के संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, ओलावृष्टि के इस दृश्य ने वर्षों बाद देखने को मिला, लेकिन इसके प्रभाव ने औद्योगिक क्षेत्र में एक नई चुनौती खड़ी कर दी है।
अंतर्राज्जीय बस स्टैंड में कई राउंड गोली चलाने की सूचना पर जांच को पहुंची पुलिस
- मोनिका बस के मालिक ने की रंगदारी मांगने की शिकायत
देवघर/संवाददाता। बुधवार को बाघमारा स्थित अंतर्राज्जीय बस स्टैंड में गोली चलने की सूचना पर पुलिस टीम वहां जांच के लिए पहुंची। जसीडीह थाना के एसआइ उदय सिंह, एएसआइ अनिश सिंह, नगर थाना की पुलिस टीम, पीसीआर की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वहां मौजूद लोगों से इस बारे में पूछताछ की। पुलिस को सूचना मिली थी वहां कई राउंड गोली चलायी गई। जांच के दौरान गोली चलने का सबूत तो नहीं मिला लेकिन देवघर के एक अपराधी के अपने गिरोह के सदस्यों के साथ वहां आने की सूचना मिली। पुलिस उक्त अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं पुलिस ने खोखा का भी तलाश किया लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस बाघमारा स्टैंड में चल रही गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है।
कुछ युवकों पर रंगदारी मांगने का आरोप : वहीं इस घटना की सूचना से पूर्व जसीडीह थाना की पुलिस को शिकायत की गई थी कि सात-आठ युवकों ने आकर रंगदारी की मांग की है। ये शिकायत किसन कुमार झा ने किया था। उसका कहना था कि वह अपनी गाड़ी मोनिका बस को देखने के लिए गया था। वहां आकर कुछ लोगों ने उससे रंगदारी की मांग की। उन लोगों ने गाड़ी को तोड़ देने जान मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ऑपरेशन सिंदूर पर पालोजोरी में मनाया जश्न
पालोजोरी/संवाददाता। भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देकर पाक अधिकृत कश्मीर पर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किए जाने की खुशी में पालोजोरी चौक पर बुधवार की शाम को जश्न मनाया गया। आतिशबाजी कर व एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भारतीय सेना की बहादुरी के नारे लगाए गए और भारत मां के जयकारे लगाए गए। मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
बुढ़ई थाना में नौ लोगें पर बिजली चोरी की प्राथमिकी
मधुपुर/संवाददाता। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंधक निर्देशक के निर्देशानुसर मधुपुर अनुमंडल के बुढ़ई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मे अवैध रूप से बिजली चोरी के आरोप में नौ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है। मधुपुर बिजली विभाग के सहायक अभियंता दीपक कुमार ने बुढ़ई थाना मे मामला दर्ज कराया है। उसने पुलिस को बताया कि छापेमारी अभियान में बुढ़ई थाना के जगदीशपुर में अभियान चलाया गया। जिसमें कुल नौ लोगों पर अवैध रूप से मीटर से बाईपास कर अवैध बिजली चोर कर उपयोग करते पाया गया। इससे विभाग को करीब लाखो ंकी राजस्व का क्षति हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।