- जनता दरबार में राशन कार्ड, पेंशन व राजस्व से जुड़ी कई समस्याओं का ऑनस्पॉट हुआ समाधान
देवघर/वरीय संवाददाता। जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
इस दौरान लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड और राजस्व से संबंधित समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा ऑनस्पॉट निराकरण किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से प्राप्त शिकायतों की भौतिक जांच करते हुए उनका जल्द से जल्द समाधान करें। उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध एवं त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित आवेदनों और तकनीकी त्रुटियों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा गया। वहीं विभिन्न अंचलों से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण के आवेदन अस्वीकृत नहीं किए जाएं। त्रुटियों का रैयतों के साथ समन्वय कर समय पर निवारण किया जाए। पर्चा से संबंधित लंबित मामलों को भी जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर अनुपालन प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मामलों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके।
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर लोकतंत्र की हत्या : डॉ. मुन्नम
- केंद्र सरकार पर लगाया राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर का झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता डॉ. मुन्नम संजय ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के उद्देश्य से सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। डॉ. मुन्नम ने कहा कि पिछले दिनों उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के मंच के कथित शुद्धीकरण की घटना सामने आई थी। कांग्रेस ने इसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान के साथ-साथ लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बताया था। राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा की कथित मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मुखरता भाजपा और केंद्र सरकार को रास नहीं आई और इसी कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। डॉ. मुन्नम ने कहा कि यह सिर्फ एक एफआईआर का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और विपक्ष की आवाज पर हमला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस किसी भी प्रकार की दमनकारी और प्रतिशोध की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
जिला नियोजनालय में 45 युवाओं को मिला ऑनस्पॉट ऑफर लेटर
- भर्ती कैंप में 85 युवक-युवतियों ने लिया हिस्सा, 65 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, देवघर की ओर से मंगलवार को एसएस कॉलेज आर्ट्स ब्लॉक में एक दिवसीय भर्ती कैंप का आयोजन किया गया। भर्ती कैंप में निजी क्षेत्र की दो प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार की तलाश में पहुंचे कुल 85 स्थानीय युवक-युवतियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता और विभिन्न मानकों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। प्रक्रिया के बाद कुल 65 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों में से अंतिम रूप से चयनित 45 युवक-युवतियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। ऑफर लेटर मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह देखा गया। जिला नियोजनालय की ओर से बताया गया कि भर्ती कैंप का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। विभिन्न कंपनियों में अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला नियोजनालय की ओर से आने वाले दिनों में भी इस तरह के भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निजी कंपनियों को भी भर्ती कैंप में आमंत्रित किया जाएगा। विभाग की इस पहल से जिले के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक ही स्थान पर निजी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। जिला नियोजनालय ने युवाओं से ऐसे भर्ती कैंपों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
चितोलोढ़िया में लावारिस मिली नवजात बच्ची, सीडब्लूसी के संरक्षण में
- कुंडा थाना पहुंचाकर सुनीता देवी ने सौंपी बच्ची, गोद लेने के लिए कई नि:संतान दंपति कर रहे आवेदन
देवघर/संवाददाता। चितोलोढ़िया में लावारिस हालत में मिली एक नवजात बच्ची को एक व्यक्ति ने नि:संतान सुनीता देवी को सौंप दिया। सुनीता देवी ने दो दिनों तक बच्ची को अपने पास रखकर उसकी देखभाल की। इसके बाद वह बच्ची को लेकर कुंडा थाना पहुंचीं और पुलिस को सौंप दिया। बताया जाता है कि सुनीता देवी को लगा था कि थाना के माध्यम से बच्ची उन्हें गोद मिल जाएगी। हालांकि, बच्ची को थाना में सौंपे जाने के बाद पुलिस ने इसकी जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्लूसी) को दी। इसके बाद नवजात बच्ची को सीडब्लूसी के संरक्षण में रखा गया है। बच्ची को सदर अस्पताल ले जाकर उसका इलाज भी कराया गया। इधर, नवजात बच्ची के लावारिस हालत में मिलने की जानकारी सामने आने के बाद उसे गोद लेने के इच्छुक कई नि:संतान दंपति सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कई दंपतियों की ओर से बच्ची को गोद लेने के लिए आवेदन भी किया जा रहा है। फिलहाल बच्ची सीडब्लूसी के संरक्षण में है और आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
कुंडा मोड़ पर पुलिसकर्मियों की बस रोककर नशे में धुत युवकों ने की गाली-गलौज, तीन हिरासत में
देवघर/संवाददाता। कुंडा मोड़ पर सोमवार की रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट से ड्यूटी कर लौट रहे पुलिसकर्मियों की बस को नशे में धुत तीन युवकों द्वारा रोककर गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने युवकों को रोककर कार्रवाई शुरू की। बताया जाता है कि सोमवार रात एयरपोर्ट से ड्यूटी समाप्त कर पुलिसकर्मी बस से लौट रहे थे। इसी दौरान कुंडा मोड़ के समीप नशे में धुत तीन युवकों ने पुलिसकर्मियों की बस रोक दी और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और युवकों को अपने साथ कुंडा थाना ले आई। मामले में तीन युवकों को कुंडा थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में युवकों से पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
शादी कार्ड के एपीके ने व्यवसायी के खाते से उड़ाए 2.22 लाख रुपये
- शादी कार्ड का एपीके फाइल टच करते ही छह बार में निकले 2.22 लाख
देवघर/संवाददाता। जिले के खागा थाना क्षेत्र के खागा निवासी व्यवसाई उमेश कुमार हलवाई साइबर ठगी के शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनके वाट्सऐप पर शादी कार्ड के नाम पर एपीके फाइल भेजकर उनके बैंक खाते से छह बार में कुल 2,22,300 रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित के अनुसार 13 अगस्त की रात उनके वाट्सऐप पर एक पार्टी के नंबर से शादी कार्ड का एपीके फाइल आया था। उक्त एपीके फाइल को टच करते ही उनके आईसीआईसीआई बैंक जामताड़ा के खाते से यूपीआई के माध्यम से छह बार में कुल 2,22,300 रुपये की निकासी कर ली गई। ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए घटना के करीब दो घंटे के अंदर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद ठगी की रकम में से कुछ राशि होल्ड भी हुई। इसके बाद पीड़ित उमेश कुमार हलवाई देवघर साइबर थाना पहुंचे और मामले को लेकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर साइबर ठगी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी की रकम वापस दिलाने का आग्रह किया है। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसबीआई बाजार शाखा में वृद्ध के थैले में ब्लेड मारकर 1.10 लाख उड़ाए
- जमा पर्ची भरने में अज्ञात व्यक्ति ने की थी मदद, काउंटर पर पहुंचते ही छह बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सरदार पंडा लेन वीआईपी गेट के समीप निवासी वृद्ध जयनारायण राउत के साथ एसबीआई बाजार शाखा में दिनदहाड़े 1.10 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि छह बदमाशों ने उनके थैले में ब्लेड मारकर उसमें रखे 1.10 लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:20 बजे की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार जयनारायण राउत 1.10 लाख रुपये बैंक खाते में जमा करने के लिए एसबीआई बाजार शाखा पहुंचे थे। बैंक में जमा पर्ची भरने के दौरान उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से मदद ली थी। जमा पर्ची भरने के बाद वह रुपये जमा करने के लिए काउंटर पर पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके थैले में ब्लेड मार दिया और उसमें रखे 1.10 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद वृद्ध को रुपये गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गयी है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल छह बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस घटना से पहले बैंक में वृद्ध द्वारा जमा पर्ची भरने में ली गयी अज्ञात व्यक्ति की मदद समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है। दिनदहाड़े बैंक परिसर में वृद्ध के थैले में ब्लेड मारकर 1.10 लाख रुपये निकाल लिये जाने की घटना से बैंक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
छह साइबर अपराधी गिरफ्तार, आठ मोबाइल व नौ सिम बरामद
- फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा और एपीके फाइल भेजकर करते थे ठगी
देवघर/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा ओपी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर और पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम-पता : गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार, साकिन उबिया, थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), अजय दास, साकिन बभनकुण्ड, थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), प्रेम कुमार दास, साकिन तेतरिया, थाना कुण्डा, अमित दास, साकिन बभनकुण्ड, सिकन्दर दास, साकिन चोरमारा तथा शिवाशिष कुमार, ग्राम बरदेही, तीनों थाना सारठ (पथरड्डा ओपी), जिला देवघर शामिल हैं।
कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की अपराध शैली में फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देकर ठगी करना शामिल है। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस प्राप्त करने के बाद ठगी करने की बात सामने आई है।
आठ मोबाइल व नौ सिम बरामद : छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल आठ मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस की तकनीकी जांच के बाद जप्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबर के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज पाए जाने की बात सामने आई है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रेम कुमार दास पूर्व में देवघर साइबर थाना कांड संख्या 108/24 तथा 54/26 में आरोपित है। वहीं अभियुक्त सिकन्दर दास देवघर साइबर थाना कांड संख्या 72/23 में आरोपित रहा है।
इनकी रही छापेमारी में भूमिका : कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में पुनि अजय कुमार, साइबर थाना देवघर, पुअनि मोतीराम देवगम, पथरड्डा ओपी प्रभारी एवं पथरड्डा ओपी की टीम शामिल रही।
पत्रकार नितिन चौधरी के निधन पर प्रेस क्लब, देवघर ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
- शोकसभा में पत्रकारों ने कहा- पत्रकारिता जगत ने खोया संवेदनशील और सहयोगी साथी
देवघर/संवाददाता। पत्रकार नितिन चौधरी के असामयिक निधन पर प्रेस क्लब, देवघर के सदस्यों ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शोकसभा में उपस्थित पत्रकारों ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया। वक्ताओं ने कहा कि नितिन चौधरी कुशल व्यवहार, सरल एवं सहज स्वभाव तथा मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। अपने व्यवहार और कार्यशैली से उन्होंने पत्रकार साथियों के बीच अलग पहचान बनाई थी। उनका असमय चले जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक संवेदनशील और सहयोगी साथी खो दिया है। शोकसभा में उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। उपस्थित सभी पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकार नितिन चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकसभा में वरीय पत्रकार रामनंदन सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष कंचन सौरभ मिश्रा, आशीष कुंदन, समरजीत सिंह, रंजीत झा, रजनीश गुप्ता, राकेश पुरोहितवार, ऋतुराज, सुमन सौरभ, संजीव मिश्रा, दीपनारायण दुबे, भगवान तिवारी, निषिद्ध मालवीय सहित अन्य पत्रकार एवं प्रेस क्लब के सदस्य मौजूद थे। इनके अलावा रविशंकर साह व अन्य साहित्यप्रेमी भी शोकसभा में उपस्थित रहे।
इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारी पूरी
- तीन से पांच सितंबर तक होंगे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाअभिषेक में शामिल होंगे श्रद्धालु
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय डाबर ग्राम स्थित देवघर इस्कॉन मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन सितंबर से पांच सितंबर तक मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में देवघर के अलावा विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस्कॉन देवघर के प्रमुख श्रीनिवास गोपाल दास ने बताया कि तीन सितंबर को भगवान के आवाहन के साथ अधिवास कार्यक्रम होगा। करीब एक घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में इस्कॉन देवघर के अनुयायियों के साथ विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु भी शामिल होंगे। चार सितंबर को जन्माष्टमी के मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंगल आरती से होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शाम 4:30 बजे मंगलाचरण के साथ भजन-कीर्तन होगा। शाम पांच बजे से रात 8:30 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। रात 8:30 बजे से श्रीकृष्ण जन्म कथा का आयोजन किया जाएगा।
रात 10 बजे से भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक शुरू होगा, जो श्रीकृष्ण जन्म तक चलेगा। इस दौरान सात नदियों के जल, सात प्रकार के फलों के रस के अलावा दूध, दही, घी, मधु, गुड़ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। महाअभिषेक में इस्कॉन के अनुयायियों के साथ अन्य श्रद्धालु भी भाग ले सकेंगे। अभिषेक के बाद महाआरती होगी तथा श्रद्धालुओं के बीच चरणामृत एवं महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
पांच सितंबर को होगा नंद उत्सव : पांच सितंबर को नंद उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत मंगल आरती से होगी। इसी दिन इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का प्रकाट्य दिवस भी मनाया जाएगा। सुबह आठ बजे गुरु पूजा, 8:30 बजे भागवत कथा और 9:30 बजे श्रील प्रभुपाद की महिमा का कीर्तन होगा। इसके बाद 11:30 बजे पुष्प अभिषेक तथा दोपहर 12 बजे भोग निवेदन एवं महाआरती होगी। दोपहर 12:30 बजे से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण का लक्ष्य है, जो देर शाम तक जारी रहेगा। शाम 4:30 बजे से भजन-कीर्तन के साथ नंदोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
घर के बाहर से 13 वर्षीय किशोरी लापता, नगर थाना में मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र से 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने नगर थाना में मामला दर्ज कराकर पुत्री के लापता होने की सूचना दी है। शिकायत के आधार पर नगर पुलिस मामले की जांच और किशोरी की खोजबीन में जुट गई है। दर्ज शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे किशोरी अचानक घर के बाहर से लापता हो गई। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद किशोरी के पिता ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया। मामले में किशोरी की उम्र करीब 13 वर्ष, रंग गेहुँआ और लंबाई करीब 4 फीट 6 इंच बतायी गयी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को किशोरी का फोटो भी उपलब्ध कराया है। पिता ने नगर पुलिस से किशोरी की खोजबीन कर उसे बरामद करने की गुहार लगायी है। शिकायत मिलने के बाद नगर पुलिस मामले की छानबीन करते हुए किशोरी का पता लगाने में जुटी है।