देवघर/वरीय संवाददाता। संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्य अजय कुमार ने शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक थैली एवं थर्मोकोल से बनी सामग्री की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक एवं थर्मोकोल से बनी कई सामग्रियों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद शहर के विभिन्न बाजारों और दुकानों में इनका उपयोग और बिक्री धड़ल्ले से जारी है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ नालियों के जाम होने और जल निकासी की समस्या भी उत्पन्न होती है। अजय कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं थर्मोकोल की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही प्रशासन को लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने आम लोगों एवं व्यवसायियों से भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के बजाय कपड़े और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करने की अपील की।
एसआईआर के तहत दावों व आपत्तियों का हुआ निष्पादन
देवघर/नगर संवाददाता। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गुरुवार को स्थानीय रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 237, 238, 239 एवं 240 पर दावा एवं आपत्तियों के निराकरण के लिए विशेष सुनवाई आयोजित की गई। सुनवाई देवघर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाताओं द्वारा नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा मतदाता सूची की प्रविष्टियों में संशोधन को लेकर प्रस्तुत विभिन्न दावों और आपत्तियों की क्रमवार समीक्षा की गई। अपर नगर आयुक्त ने संबंधित बीएलओ की उपस्थिति में आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा कई मामलों का मौके पर ही नियमानुसार निष्पादन किया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों को निर्देश देते हुए अपर नगर आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज हो तथा किसी भी प्रकार की विसंगति को समय रहते दूर किया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों को पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। विशेष सुनवाई के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत, साल में चार बार रक्तदान पर मिलेगा विशेष अवकाश
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सरकारी सेवकों को वर्ष में अधिकतम चार बार रक्तदान करने पर विशेष आकस्मिक अवकाश का लाभ मिलेगा। रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर के चेयरमैन जीतेश राजपाल ने बताया कि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार सरकारी कर्मचारियों को रक्तदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान की गई है। आदेश के अनुसार, यदि कोई सरकारी कर्मचारी कार्य दिवस के दौरान किसी मान्यता प्राप्त रक्त अधिकोष में रक्तदान करता है, तो उसे उस दिन का विशेष आकस्मिक अवकाश देय होगा। इस प्रकार एक सरकारी कर्मचारी वर्ष में अधिकतम चार बार रक्तदान कर कुल चार दिन तक विशेष आकस्मिक अवकाश का लाभ ले सकता है।
रक्त की कमी को देखते हुए लिया गया निर्णय
सरकार के अनुसार झारखंड में प्रतिवर्ष लगभग 3.5 लाख यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में करीब 1.9 लाख यूनिट रक्त का ही संग्रह हो पाता है। रक्त की इस कमी को दूर करने तथा लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विशेष आकस्मिक अवकाश का लाभ लेने के लिए संबंधित सरकारी कर्मचारी को मान्यता प्राप्त रक्त अधिकोष से प्राप्त रक्तदान प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस निर्णय से सरकारी कर्मचारियों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही रक्त संग्रह में वृद्धि होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए बाबा मंदिर व आसपास सक्रिय हैं 12 सूचना सह सहायता केंद्र
- 412 से अधिक बिछड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया गया
देवघर/वरीय संवाददाता। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल समापन के बाद बाबा वैद्यनाथ मंदिर में भादो मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था जारी है। इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, देवघर की ओर से बाबा मंदिर एवं आसपास के संपूर्ण मेला क्षेत्र में 12 सूचना सह सहायता केंद्र सक्रिय किए गए हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ वाले मेला क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं की सहायता करना और त्वरित संपर्क स्थापित कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाना है। सूचना सह सहायता केंद्रों के माध्यम से अब तक 412 से अधिक बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों से सकुशल मिलाया जा चुका है। मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता के लिए श्रद्धालु नेहरू पार्क प्रवेश द्वार, सुविधा केंद्र बाबा मंदिर, शिवगंगा गोलघर, बीएड कॉलेज, मानसिंघी फुट ओवरब्रिज, सरकार भवन मोड़, क्यू कॉम्प्लेक्स, भट्टर धर्मशाला, नेहरू पार्क पंडाल के अंदर, हिंदी विद्यापीठ, तिवारी चौक एवं जलसार चिल्ड्रेन पार्क स्थित सूचना सह सहायता केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, मार्ग भटकने अथवा अपने परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में तत्काल नजदीकी सूचना एवं सहायता केंद्र से संपर्क करें। इन केंद्रों पर तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए लगातार सक्रिय हैं।
डॉ. दुर्गेशाचार्य के सान्निध्य में बही भक्ति की गंगा
- ब्रह्मा के प्राकट्य की कथा पर भावविभोर हुए श्रद्धालु
- प्रेम मंदिर में भागवत कथा के तीसरे दिन आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री ने कहा-अहंकार मनुष्य के विनाश का कारण
देवघर/नगर संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गंगा विश्वशांति सद्भावना धाम (प्रेम मंदिर), मां जगदंबा कॉलोनी, वार्ड संख्या 35, ठाढ़ीदुलमपुर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के तीसरे दिन गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगा विश्वशांति सद्भावना धाम के संस्थापक सह राष्ट्रीय संत परम सद्गुरु डॉ. दुर्गेशाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डॉ. दुर्गेशाचार्य जी महाराज के सान्निध्य एवं आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री के भावपूर्ण कथा वाचन से पूरा प्रेम मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा। दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक चली कथा में आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए ब्रह्मा के प्राकट्य की कथा सुनाई। उन्होंने धर्म, सदाचार, भक्ति और मानव जीवन के आध्यात्मिक उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। आचार्य ने कहा कि अहंकार मनुष्य के विनाश का प्रमुख कारण बनता है। अहंकार व्यक्ति की बुद्धि और विवेक को प्रभावित कर उसे सत्य के मार्ग से भटका देता है। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन में विनम्रता अपनाते हुए सदैव ईश्वर की शरण में रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी उपलब्धियां प्राप्त हो जाएं, व्यक्ति को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए। भगवान की कृपा के बिना मनुष्य का कोई भी कार्य पूर्ण नहीं हो सकता। विनम्रता, सदाचार और ईश्वर के प्रति समर्पण ही मानव जीवन को सार्थक बनाते हैं।
डॉ. दुर्गेशाचार्य के सान्निध्य ने बढ़ाई आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा : भागवत कथा महोत्सव में डॉ. दुर्गेशाचार्य जी महाराज का सान्निध्य श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उनके मार्गदर्शन में आयोजित धार्मिक महोत्सव का उद्देश्य समाज में प्रेम, शांति, सद्भावना और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मानवीय मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कथा एवं भजनों के दौरान श्रद्धालु पूरी तन्मयता के साथ कार्यक्रम में शामिल रहे।
भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु : कथा के दौरान भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। ”बड़े जमाने से बुला रहे हो, कोई तो रिश्ता होगा”, ”ये जो तेरा त्रिशूल है”, ”प्रभु आपकी कृपा से मेरा सब काम हो रहा है” और ”आज मिथिला नगरिया निहार सखिया” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए भगवान का स्मरण करते नजर आए। पूरा परिसर भक्ति और भगवान के जयघोष से गूंज उठा।
गणेश वंदना से हुआ कथा का शुभारंभ : कथा का शुभारंभ विधिवत गणेश वंदना और मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री ने भागवत के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के माध्यम से भगवान की लीलाओं के साथ धर्म, भक्ति, सदाचार और मानव जीवन के आध्यात्मिक उद्देश्य को समझाया गया।
उत्तराखंड से पहुंचे कलाकारों ने बांधा समां : डॉ. दुर्गेशाचार्य जी महाराज के साथ गंगोत्री, उत्तरकाशी, उत्तराखंड से पहुंचे कृष्णा मिश्रा, अनिल नोडियाल, पंकज भट्ट और विनोद होलकर ने भजन एवं पूजा में संगत देकर आयोजन को और भक्तिमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे।
आयोजन की सफलता में जुटी समिति : महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष महेश प्रसाद राय, उपाध्यक्ष अजीत कुमार राय, संयोजक कृष्ण कन्हैया राय, कोषाध्यक्ष रंजीत झा, सचिव अमरेश कुमार सिंह तथा धनबाद से पहुंचे योगेंद्र प्रसाद सिन्हा सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मौके पर रूपेश कुमार, गौरव कुमार, ब्रजेश राय, कुणाल राय, मनीष कुमार, अजीत नारायण पांडेय, दीपक पंडित, दिलीप कुमार, पिंटू तिवारी, सुधांशु राय, अजित सिंह, संजीव कुमार राय, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मारपीट में चार लोग घायल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात हुई मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया गया। घटना को लेकर नगर थाना में एक पक्ष की ओर से मारपीट की शिकायत दी गई है। घायलों में हिंदी विद्यापीठ निवासी अंकित पोद्दार, सीता होटल के नजदीक निवासी राकेश कुमार व ममता देवी तथा कल्याणपुर निवासी अभिषेक कुमार के नाम शामिल हैं।इधर, मारपीट की घटना को लेकर हिंदी विद्यापीठ निवासी काजल पोद्दार ने भी नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत की है। नगर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
अलग-अलग सड़क हादसों में छात्रा समेत तीन घायल, सदर अस्पताल में इलाज जारी
देवघर/संवाददाता। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक छात्रा समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घायलों में कालीराखा निवासी शिवेश कुमार, रायपुर निवासी पतिराम और रिखिया थाना क्षेत्र के ताराबाद निवासी छात्रा प्रतिज्ञा कुमारी शामिल हैं। बताया गया कि प्रतिज्ञा कुमारी को उसके रिश्तेदार मनीष कुमार बाइक से ट्यूशन छोड़ने जा रहे थे। गांव के पास बाइक रोककर दोनों सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से बाइक चला रहे एक अन्य बाइक सवार ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में प्रतिज्ञा कुमारी के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर हुए अन्य सड़क हादसों में घायल शिवेश कुमार और पतिराम का भी सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
डकाय जंगल में साइबर ठगी करते पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार
- फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर कैशबैक व एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड चालू कराने के नाम पर करते थे ठगी, छह मोबाइल व छह सिम बरामद
देवघर/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 2 सितंबर को पांच साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने इन सभी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी एवं गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पायी गयी है। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किये हैं।
गिरफ्तार आरोपी : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में सुभाष कुमार दास निवासी बुढीबगीचा थाना मधुपुर, विकास कुमार दास, निवासी नई-चिहुटिया थाना मारगोमुंडा, धनंजय महरा निवासी नयाखरना थाना सारठ, कुंदन कुमार निवासी गढ़िया थाना मधुपुर तथा विक्रम कुमार दास निवासी झुनाकी थाना-पथरडडा ओपी सारठ सभी जिला देवघर के नाम शामिल हैं।
ऐसे बनाते थे लोगों को शिकार : गिरफ्तार अभियुक्तों की अपराध शैली के संबंध में पुलिस ने बताया कि वे फर्जी गूगल पे, फोनपे एवं एयरटेल पेमेंट बैंक कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लिया जाता था। अभियुक्त एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को झांसा देते थे। इसके बाद आम सहायता के नाम पर कार्ड को पुन: चालू कराने का भरोसा देकर साइबर ठगी की जाती थी।
वक्रम का रहा है आपराधिक इतिहास : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विक्रम कुमार दास पूर्व में भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध साइबर थाना देवघर कांड संख्या 18/2023,कांड संख्या 69/2024 तथा कांड संख्या 36/2025 दर्ज है। इन मामलों में वह जेल जा चुका है।
छापेमारी दल में शामिल रहे पुलिस पदाधिकारी : छापेमारी दल में पुनि बिशेश्वर कुमार, साइबर थाना देवघर एवं अन्य सशस्त्र बल, देवघर तथा सअनि विरेन्द्र राम, मारगोमुंडा थाना एवं अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
सत्संग आश्रम पहुंचे बंगाल के अनुयायी की जेब से मोबाइल चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सत्संग स्थित ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना करने पहुंचे बंगाल के एक अनुयायी का मोबाइल चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित की पहचान कोलकाता कालीवाड़ी, दमदम रोड निवासी घृत सुंदर विश्वास के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सत्संग स्थित ठाकुरवाड़ी में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके कुर्ते की जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर नगर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
कचहरी परिसर से युवक की बाइक चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर से बुधवार को अज्ञात चोरों ने एक युवक की बाइक चोरी कर ली। पीड़ित युवक कमल दास जिले के चितरा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है। कमल दास ने बताया कि कोर्ट में एक मामले में उसकी हाजरी थी। इसी सिलसिले में वह अपनी हीरो ग्लैमर बाइक से कचहरी परिसर पहुंचा था। उसने अपनी बाइक कचहरी परिसर में खड़ी की और हाजरी देने के लिए अंदर चला गया। हाजरी देने के बाद जब वह बाहर आया तो निर्धारित स्थान पर बाइक नहीं थी। इसके बाद उसने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोर उसकी बाइक चोरी कर फरार हो गए।
उप समादेष्टा बनने पर राज उज्जवल बरनवाल को बरनवाल समाज ने किया सम्मानित
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय बरनवाल सेवा सदन के सभागार में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर उप समादेष्टा (डिप्टी कमांडेंट) के पद पर नियुक्त होने वाले सारवां निवासी राज उज्जवल बरनवाल को देवघर के बरनवाल समाज की ओर से सम्मानित किया गया। राज उज्जवल बरनवाल ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 37वीं रैंक प्राप्त कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता को लेकर बरनवाल समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है। समाज के सदस्यों ने कहा कि राज उज्जवल ने अपनी उपलब्धि से न केवल देवघर जिले, बल्कि पूरे बरनवाल समाज को गौरवान्वित किया है। सम्मान समारोह के दौरान समाज के लोगों ने राज उज्जवल बरनवाल को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र, बुके एवं माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सम्मानित करने वालों में वैश्य समाज के अध्यक्ष राजकुमार बरनवाल, भाजपा नेता सुधांशु शेखर बरनवाल, राजन शशि, शिवऔतार बरनवाल, राजेश बरनवाल, महेश कुमार, जितेंद्र बरनवाल, युवक संघ के सचिव पंकज बरनवाल, कमल कुमार, अजय बरनवाल, सुरेंद्र बरनवाल, निवास कुमार, श्रीकांत बरनवाल सहित बरनवाल समाज के कई सदस्य मौजूद थे।