ब्लेड से थैला काटकर 10 हजार रुपये समेत कागजात ले उड़े बदमाश
देवघर/संवाददाता। सत्संग चौक स्थित इंडियन बैंक शाखा के बाहर एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का कपड़े का थैला ब्लेड से काटकर अज्ञात बदमाशों ने बैग समेत 10 हजार रुपये और महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिये। घटना 1 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे की बतायी गयी है। मामले को लेकर बेलाबगान दुर्गाबाड़ी निवासी सेवानिवृत्त पुलिस अवर निरीक्षक अलखदेव सिंह ने नगर थाना में मामला दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार अलखदेव सिंह का सत्संग चौक स्थित इंडियन बैंक शाखा में बचत बैंक खाता है। उन्होंने 1 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच बैंक से कुल 25 हजार रुपये निकाले थे। इसमें 500 रुपये के 30 नोट यानी 15 हजार रुपये उन्होंने अपनी पैंट की जेब में रख लिये, जबकि 200 रुपये के 50 नोट यानी 10 हजार रुपये एक छोटे हैंड बैग में रखकर कपड़े के थैले में रखा था। मामले में बताया गया है कि करीब दो बजे बैंक से बाहर निकलकर गेट के पास पहुंचे। इसी दौरान उनके पीछे दो अज्ञात व्यक्ति थे। आरोप है कि दोनों ने ब्लेड से कपड़े का थैला काटकर उसमें रखा बैग निकाल लिया। इसकी जानकारी उन्हें तत्काल नहीं हो सकी। अलखदेव सिंह के अनुसार, जब वे अपनी स्कूटी निकाल रहे थे, तभी उनमें से एक व्यक्ति ने कहा कि उसे भी गाड़ी निकालनी है। स्कूटी निकालने के बाद उक्त व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर तेजी से वहां से भाग निकला। दोनों अज्ञात व्यक्तियों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बतायी गयी है। बाद में जब अलखदेव सिंह अपना थैला स्कूटी में टांगने लगे तो उन्होंने देखा कि थैला ब्लेड से कटा हुआ है और उसमें रखा बैग गायब है। बैग में 10 हजार रुपये के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, चेक तथा आयुष्मान कार्ड रखा हुआ था। घटना की सूचना उन्होंने उसी समय बैंक के गार्ड और बैंक पदाधिकारी को भी दी। इसके बाद नगर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया । पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार लाख रुपये फिर से खाते में ट्रांसफर किए जाने की भी शिकायत
- साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी अजय राय का मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों द्वारा उनके खाते से 9 लाख 26 हजार रुपये ट्रांसफर कर लेने का मामला सामने आया है। घटना दो सितंबर की बतायी जा रही है। इसके बाद धनबाद के श्रमिक चौक स्थित एटीएम से देर रात करीब 12 बजे 5 लाख 16 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी। बताया गया कि मोबाइल हैक करने के बाद साइबर अपराधियों ने अजय राय के खाते से 9 लाख 26 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिया। इसके बाद धनबाद के श्रमिक चौक स्थित एटीएम से देर रात करीब 12 बजे 5 लाख 16 हजार रुपये निकाल लिये गये। वहीं, चार लाख रुपये पुन: अजय राय के एकाउंट में ट्रांसफर कर दिये गये। घटना की जानकारी मिलने के बाद अजय राय ने मामले को लेकर साइबर थाना में शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही साइबर अपराध से संबंधित टॉल फ्री नंबर 1930 पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मोबाइल हैक कर खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर किये जाने और उसके बाद एटीएम से निकासी की घटना को लेकर पुलिस स्तर से लेनदेन की जांच की जा रही है।
मोबाइल के जरिए खाते से 35 हजार रुपये की अवैध निकासी
- सीएसपी पर फिंगर क्लोन का संदेह
देवघर/संवाददाता। सारठ थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी छत्तीस राणा के बैंक खाते से मोबाइल के जरिए 35 हजार रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। खाते से सात बार में पांच-पांच हजार रुपये की निकासी की गई है। मामले की शिकायत लेकर छत्तीस राणा साइबर थाना पहुंचे और पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के अनुसार दो दिन पूर्व वह बैंक खाते में पैसा जमा करने के लिए गया था। इसी दौरान उसे अपने खाते से अवैध रूप से रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। खाते से कुल 35 हजार रुपये की निकासी सात अलग-अलग बार में की गई है। छत्तीस राणा ने आशंका जतायी है कि सीएसपी के माध्यम से उसके फिंगर का क्लोन तैयार कर खाते से रुपये की निकासी की गई होगी। हालांकि फिंगर क्लोन के जरिए ही घटना को अंजाम दिया गया है या नहीं इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की शिकायत साइबर थाना में देने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। पीड़ित ने खाते से अवैध निकासी की जांच कर रुपये वापस कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अज्ञात कांवरिया की मौत
देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को करीब 40 वर्षीय अज्ञात कांवरिया की मौत हो गई। बताया जाता है कि बीमार हालत में उसे एक अगस्त को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के क्रम में शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
जहरीला पदार्थ खाने से युवती की हालत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती
देवघर/संवाददाता। जसीडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवती को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। स्वजनों के अनुसार युवती ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होता देख परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।
घर में घुसकर जान से मारने की कोशिश, चाय दुकान से 19 हजार छीनने का आरोप
देवघर/संवाददाता। हिन्दी विद्यापीठ गली स्थित एक मकान में घुसकर महिला व उसके परिवार के साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश करने तथा चाय दुकान से 19 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया गया है। घटना 2 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बतायी गयी है। मामले में आरोप लगाया गया है कि ममता देवी, गोलु कुमार, प्राची कुमारी, रिया कुमारी समेत 10 से 12 अज्ञात लोग घर में घुस आये और महिला व उसके पूरे परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके पुत्र अंकित पोद्दार के सिर में काफी चोट लगने की बात कही गयी है। दर्ज मामले के अनुसार, घटना के दौरान महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े खोल दिये गये। आरोप है कि इसी दौरान चाय दुकान से नगद 19 हजार रुपये भी छीन लिये गये। घटना की सूचना मिलने पर देवघर पीसीआर मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल महिला व उसके परिजनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। मामले में आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गयी है।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत
देवघर/संवाददाता। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार युवती सदर अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर सखी में रह रही थी। सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने युवती की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है। बताया जाता है कि युवती कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। उसे 28 जुलाई को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका समुचित उपचार किया जा रहा था। हालांकि इलाज के क्रम में 4 सितंबर को उसकी मौत हो गई। मौत बीमारी से होने की आशंका व्यक्त की गई है।
हिस्से की जमीन पर जबरन पीलर खड़ा करने का आरोप, विरोध करने पर महिला से मारपीट
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में हिस्से की जमीन पर कथित तौर पर जबरन तरी खोदकर पीलर खड़ा करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर शिवलाल महतो, मिठु कुमार यादव और पंकज कुमार के खिलाफ रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे उक्त तीनों उसके हिस्से की जमीन पर जबरन पीलर खड़ा कर रहे थे। रोकने व मना करने पर आरोपितों द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। दर्ज मामले के अनुसार उसे बचाने उसकी गोतनी रीना देवी पहुंची तो उसके साथ भी लाठी से मारपीट की गई। उस समय परिवार के पुरुष सदस्य घर में मौजूद नहीं थे। आरोप है कि मारपीट के दौरान गाली-गलौज करते हुए कहा गया कि ”कौन बाप को बुलाना है, बुला लो।” मामले में यह भी कहा गया है कि उक्त जमीन को लेकर पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। पीड़िता ने पुलिस से मामले की छानबीन कर उचित कार्रवाई करने तथा जमीन पर चल रहे काम को तत्काल रोकने की मांग की है।
दिनदहाड़े गोदाम से एसी चोरी, टोटो पर लादकर ले गया अज्ञात चोर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा मोड़ स्थित चौधरी एजेंसी के गोदाम से दिनदहाड़े एसी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिकायत के अनुसार 31 अगस्त की सुबह करीब 9:20 बजे से 9:40 बजे के बीच चौधरी एजेंसी के गोदाम से बिपीएल का इन्वर्टर एसी एक अज्ञात व्यक्ति चोरी कर टोटो पर लादकर ले गया। बताया गया है कि टोटो के आगे का नंबर प्लेट प्लास्टिक से ढका हुआ था, जबकि पीछे का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। घटना की पूरी वारदात गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गयी है।शिकायतकर्ता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर चोरी गये सामान की बरामदगी और अज्ञात चोर के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
संपूर्ण ब्रह्मांड में कृष्ण से बड़ा कोई शिक्षक नहीं : डॉ जेसी राज
-कान्हा के रंग में रंगे संत माइकल एंग्लो विद्यालय के बच्चें
देवघर/संवाददाता। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर चहुंओर इसकी दिव्य छटा दिखाई दे रही है। हर जगह इसकी भव्यता और अनोखी छटा देखते ही बन रही है। एक ओर ऐसा लग रहा है मानो, भगवान शंकर की इस नगरी में हर जगह सिर्फ राधा और कृष्ण ही विद्यमान हैं। वहीं दूसरी ओर मंदिरों और घरों के अलावा, कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर विभिन्न स्कूलों में भी कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में देवघर के संत माइकल एंग्लो विद्यालय में भी जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र व छात्राओं ने, राधा कृष्ण की आकर्षक पोशाकों को धारण कर, अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान बाल गोपालों ने धार्मिक गीतों पर जमकर डांस किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसी बीच माखन खिलाओ प्रतियोगिता, गीता ज्ञान पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का खास आकर्षण तनिषा द्वारा प्रस्तुत डांस नंबर ‘मधुबन में जो कान्हा किसी गोपी से मिले…. रहा, जिसने न सिर्फ उपस्थित दर्शकों का मन मोहा बल्कि उन्हें तालियां बजाने के लिए मजबूर भी कर दिया। मौके पर संत माइकल एंग्लो विद्यालय के चेयरमैन डॉ. जे.सी.राज ने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों के अंदर रचनात्मक व प्रभावी गुणों का विकास होता है। छात्रों के साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। अत: स्कूल में विभिन्न मौकों पर कई प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। डॉ जेसी राज ने भगवान श्रीकृष्ण को ब्रह्मांड का सबसे बड़ा शिक्षक बतलाते हुए कहा कि संस्कृति किसी राष्ट्र की पहचान होती है। इसके माध्यम से नागरिकों को देश के गौरवशाली अतीत का बोध होता है। भारत के गौरवशाली प्राचीन संस्कृति ने देश दुनिया को राह दिखाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्सव हमारे जीवन का एक हिस्सा है। जिन्हें हमें मिलजुल कर उत्साह के साथ मनाना चाहिए। फलस्वरूप विद्यालय परिवार द्वारा जन्माष्टमी का उत्सव बड़े धूम-धाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं सबने मिलकर बहुत इंज्वाय किया।
नाबालिग को शादी का झांसा देकर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
- मारपीट कर 10 हजार रुपये छीनने की एफआईआर
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में नाबालिग को झांसे में लेकर अश्लील वीडियो बनाने और बाद में उसे वायरल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। नाबालिग की मां के बयान पर दर्ज मामले में हिन्दी विद्यापीठ मोहल्ला निवासी अंकित पोद्दार को नामजद आरोपित बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में जिक्र है कि आरोपित अंकित पोद्दार का शिकायतकर्ता के घर आना-जाना था। इसी क्रम में उसने नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। आरोप है कि बाद में वह वीडियो वायरल करने लगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन बातचीत करने के लिए आरोपित के घर पहुंचे। प्राथमिकी के अनुसार, वहां अंकित पोद्दार, रिंकू पोद्दार, अभिषेक पोद्दार, काजल देवी, अर्पित पोद्दार समेत अन्य ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान 10 हजार रुपये भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बैजूधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, शोभायात्रा में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष
- भव्य शोभायात्रा बैजूधाम मंदिर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बाघमारा पहुंची, मध्य रात्रि के बाद मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
देवघर/नगर संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, बैजूधाम, बाघमारा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बैजूधाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात शुरू हुआ अखंड हरिकीर्तन पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए हुए है। शुक्रवार की सुबह बैजूधाम मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा।
बैजूधाम से निकली भव्य शोभायात्रा : बैजूधाम मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा जताही, बरमसिया, अंबेडकर चौक, वीआईपी चौक, टावर चौक, बजरंगी चौक, बैद्यनाथधाम स्टेशन रोड, बिग बाजार, रंगा मोड़ एवं बाघमारा सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुन: बैजूधाम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूरे रास्ते श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण और राधे-कृष्ण के जयकारे लगाते रहे। भक्ति गीतों और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का दर्शन किया और भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
मध्य रात्रि के बाद मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव : जन्माष्टमी के अवसर पर बैजूधाम मंदिर परिसर में रातभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मध्य रात्रि 12 बजे के बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधिवत श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान स्तुति, स्वागत गीत एवं महाआरती का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच चरणामृत का वितरण किया गया। जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
अखंड हरिकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण : दो दिवसीय महोत्सव के तहत अखंड हरिकीर्तन का भी आयोजन किया गया है। हरिकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर रहे हैं। लगातार हो रहे धार्मिक अनुष्ठानों एवं भजन-कीर्तन से बैजूधाम का पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
दूसरे दिन होंगे श्रृंगार व झूला दर्शन : महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को सुबह जागरण एवं मंदिर के पट खुलने के बाद दैनिक पूजन और आरती की जाएगी। पूर्वाह्न 11 बजे अखंड हरिकीर्तन का समापन होगा। इसके बाद सुबह 11:15 बजे से भगवान श्री राधा-कृष्ण के श्रृंगार दर्शन एवं झूला दर्शन का आयोजन किया जाएगा। शाम छह बजे से सम्मान समारोह एवं महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। वहीं शाम 7:30 बजे से देर रात तक भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल रहा तैनात : महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत होने के कारण शोभायात्रा के दौरान पुलिस बल की तैनाती रही। समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। आयोजन को सफल बनाने में प्रेम यादव, हरेंद्र कुमार, रामरेख यादव, सौरभ कुमार, बिनय यादव, रमेश यादव, सुमन यादव, सुकदेव दास, दिनेश महथा सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से दूसरे दिन भी सपरिवार बैजूधाम पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन करने, महाप्रसाद ग्रहण करने एवं भक्ति कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की गई है।
हरे कृष्ण केंद्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव व चार दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विलासी टाउन स्थित शंकर टॉकीज परिसर में हरे कृष्ण केंद्र द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव एवं चार दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इस अवसर पर झूलनोत्सव, श्रीमद्भागवत कथा, श्रील प्रभुपाद व्यास-पूजा, नंदोत्सव, दही-हांडी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के दौरान नृत्य प्रतियोगिता, भजन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, आध्यात्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, आरती एवं महाप्रसाद वितरण समेत कई रोचक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कार्यक्रम में प्रस्तुत किए जा रहे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है। वहीं, ‘मेरो वृंदावन धाम’ में श्री वृंदावनधाम दर्शन की विशेष व्यवस्था भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इस दिव्य एवं भव्य आयोजन का शुभारंभ हरे कृष्ण केंद्र प्रमुख श्रीमान रुपानुग दास प्रभु जी महाराज की अध्यक्षता में किया गया। हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है। भक्तों के उत्साह और मनमोहक भक्तिमय प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को दिव्य एवं अलौकिक बना दिया है। आयोजन में बड़ी संख्या में भक्तगण, कथाप्रेमी एवं श्रद्धालु पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं।
प्रदेश स्तरीय महाधरना व प्रदर्शन में शामिल होने रांची जाएंगे इंटक कार्यकर्ता
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव एवं देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा ने कहा है कि विभिन्न मुद्दों को लेकर आगामी 7 सितंबर 2026 को रांची में आयोजित प्रदेश स्तरीय महाधरना एवं प्रदर्शन में देवघर जिले से बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता शामिल होंगे। अनंत मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि खनन एवं खनिज विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक-2026, राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण तथा केंद्र सरकार की अन्य नीतियों के विरोध में प्रदेश स्तरीय महाधरना एवं प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देवघर जिला इंटक के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के इंटक अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के सदस्य बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि महाधरना एवं प्रदर्शन के माध्यम से संबंधित मुद्दों पर संगठन अपनी आवाज बुलंद करेगा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।