देवघर/नगर संवाददाता। यूथ वॉयस, देवघर के सदस्यों ने बुधवार को देवघर के उपायुक्त एवं नगर आयुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान टीम ने श्रावणी मेला के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं प्रशासनिक स्तर पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। टीम की ओर से अधिकारियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना भी की गई। मुलाकात के दौरान देवघर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ-साथ शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यूथ वॉयस के शुभम कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए प्रशासन की ओर से किए गए प्रयास सराहनीय रहे।
यूथ वॉयस के सदस्यों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान स्वच्छता, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने जनहित से जुड़े कार्यों में प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और समन्वय बनाए रखने की बात कही। बैठक के दौरान देवघर के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि शहर के विकास को गति देने के लिए प्रशासन और युवा संगठनों के बीच नियमित संवाद जरूरी है। युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर सामाजिक सरोकारों को मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर यूथ वॉयस, देवघर की ओर से शुभम कुमार, सूरज चौधरी, अनुज राय, अंकित राय, प्रीतम राय, बंटी राय, अभिषेक कुमार एवं अविजित सिंह उपस्थित थे। टीम के सदस्यों ने कहा कि देवघर के शैक्षणिक, सामाजिक एवं युवा गतिविधियों को मजबूत करने के लिए प्रशासन और युवाओं के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहयोग आगे भी जारी रहेगा।
स्पर्श पूजा को लेकर बाबा मंदिर में भक्तों की भीड़
देवघर/वरीय संवाददाता।
स्पर्श पूजा बाबा बैद्यनाथ धाम में शुरू होने के साथ ही शिवभक्तों की भीड़ बाबा मंदिर में उमड़ने लगी है।बाबा बैद्यनाथ धाम में स्पर्श पूजा का खास महत्व रहने के कारण भादो माह में भक्त बाबा भोले नाथ का स्पर्श करने के लिए काफी संख्या में उपस्थित हो रहे है।जिससे मंदिर प्रांगण में श्रद्धालु की भीड़ काफी संख्या में देखी जा रही है।भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट लाइन और मंदिर में काफी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती की है ताकि श्रद्धालु को सुलभ जलार्पण हो सके।इसके अलावे भीड़ वाले इलाके में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।ओ पी क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त करते रहे। साथ सूचना केंद्र लगातार खोये कावड़ियों की सूचना प्रसारित कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने का कार्य करते रहे। कांवरिया पथ अभी भी भक्तों से सराबोर है जहाँ शिव भक्त बोलबम के नारा लगाते हुए बाबा नगरी आने में मशगूल है।
एसआईआर के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
ंदेवघर/वरीय संवाददाता।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी और सटीक बनाने के उद्देश्य से बुधवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक दौरा किया। इस निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने अनमैप्ड, त्रुटिपूर्ण विवरण वाले तथा पूर्व में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावों और आपत्तियों की स्वयं ऑन-स्पॉट गहन सुनवाई की। उन्होंने मौके पर उपस्थित बूथ स्तरीय अधिकारियों और सुपरवाइजरों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित दावों और आपत्तियों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का आदेश दिया ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे और अयोग्य या दोहरे नामों को हटाया जा सके।
दस्तावेज जमा करने की अपील
अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि नोटिस मिलने पर निर्धारित तिथि को संबंधित कार्यालय में पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि रहने पर उसका समय पर निराकरण किया जा सके।
भारी बारिश से ध्वस्त हुआ पुराना नाला, मेयर ने किया स्थल निरीक्षण
देवघर/नगर संवाददाता।
भारी बारिश के कारण देवघर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 में वैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन के समीप वर्षों पुराना नाला क्षतिग्रस्त हो गया। नाला क्षतिग्रस्त होने के बाद एक टोटो के दुर्घटनाग्रस्त होने की अप्रिय सूचना सामने आई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया और स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को देवघर नगर निगम के मेयर रवि कुमार राउत ने स्थानीय पार्षद अनूप वर्णवाल, सहायक अभियंता वैदेही शरण, पारस कुमार सहित निगम के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नाले की वर्तमान स्थिति, सड़क पर आवागमन और दुर्घटना की आशंका से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य सड़क पर स्थित क्षतिग्रस्त नाले के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए तत्काल सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग कराई जाए। साथ ही नाले के जीर्णोद्धार एवं मरम्मतीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण पुराने नाले का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। मुख्य सड़क पर नाला होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। मेयर रवि कुमार राउत ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए नाले की तत्काल सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं हो और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने भी क्षतिग्रस्त नाले के कारण दुर्घटना की आशंका को लेकर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। लोगों ने उम्मीद जताई कि शीघ्र मरम्मत होने से समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। नगर निगम प्रशासन की ओर से कहा गया कि शहर में भारी बारिश के कारण जहां कहीं भी जलनिकासी व्यवस्था, नाला या सड़क से संबंधित समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नगरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और आवागमन सुरक्षित बना रहे, इसके लिए निगम प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
एमएमडीआर एक्ट वापस नहीं तो आंदोलन: रामानुज
देवघर/वरीय संवाददाता।
छात्र नेता रामानुज सिंह ने एम एम डी आर एक्ट का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि यह ऐसी तानाशाही रवैया का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जब जब झारखंडियों से डरती तब तब एम एम डी आर काला कानून लाती है।खनिज हमारा,जमीन हमारा फिर केंद्र का कानून हिटलरशाही जैसा फरमान है। केंद्र सरकार ने झारखंड की जनता की चिंता छोड़ कर चंद अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचने के उद्देश्य यह कानून बनाया है। श्री सिंह ने कहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के महत्वपूर्ण योजना मैया सम्मान योजना, 50वर्षीय महिलाओं को पेशन, अबुआ आवास जैसी योजना को देखकर बौखला गई है जिसके कारण यह कानून लाया है ताकि ये योजनाएं प्रभावित हो जाए। खनिज हमारा और हुकुमत दिल्ली का यह नहीं चलेगा।झारखंड जनता सड़को पर उतर कर उलगुलान करने की मन बना ली है।आने वाले चुनाव में यहा की जनता भाजपा को धूल चटाने का कार्य करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि इस काला कानून को जनहित में वापस ले नहीं तो झारखंड के छात्र उग्र आंदोलन करने को बाध्य हो जाएगी।
पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की पहल से 24 घंटे में मिला ट्रांसफॉर्मर, गांव में लौटी बिजली
देवघर/नगर संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं को पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की पहल से राहत मिली है। लखोरिया पंचायत अंतर्गत देवपहरी (कोल टोला) में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी। ग्रामीणों ने मंगलवार को पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के आवास पर पहुंचकर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्व मंत्री ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद महज 24 घंटे के अंदर विभाग की ओर से गांव में 63 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करा दिया गया। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री की त्वरित पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध होने के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर समस्या का संज्ञान लेकर समाधान कराने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है। इधर, सोनारायठाढ़ी प्रखंड के मगडीहा पंचायत अंतर्गत कासीटांड़ गांव में बजरंगबली मंदिर के समीप लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर करीब 17 दिनों से खराब था। इसके कारण ग्रामीणों को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इस समस्या से भी पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख को अवगत कराया था। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर ट्रांसफॉर्मर बदलने की दिशा में त्वरित पहल की। इसके बाद नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया और तत्काल प्रभाव से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके अलावा सारवां प्रखंड के डोंडिया पंचायत अंतर्गत लपरीटांड़ गांव के लिए भी 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया है। इससे ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है। देवपहरी में ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध होने के दौरान शिक्षक दालचंद किस्कू, दयानंद किस्कू, जगदीश किस्कू, रत्तू टुडू, दिवाकर किस्कू, संतोष किस्कू, धनंजय किस्कू, सुनील टुडू, रोबिन टुडू और लखन सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। वहीं कासीटांड़ में पंचायत समिति सदस्य टुनटुन यादव, राजकिशोर यादव, अनिल यादव, मुकेश यादव, वीरेंद्र यादव, प्रकाश यादव, जय नारायण यादव, नीलमणि यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बिजली समस्या के त्वरित समाधान के लिए पूर्व मंत्री के प्रति आभार जताया।
सांप के डंसने से अधेड़ की मौत, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम
देवघर/ संवाददाता।
सांप के डंसने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान उज्जवल इंथोनी के रूप में हुई है। वह मधुपुर थाना क्षेत्र के मीना बाजार का रहने वाला था। बताया जाता है कि बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे उज्जवल हड़बड़ाते हुए पड़ोसी के पास पहुंचा और सांप के काटने की बात कही। इसके बाद पड़ोसी उसे इलाज के लिए पहले मधुपुर स्थित सरकारी अस्पताल लेकर गए। वहां कुछ देर तक उसका इलाज किया गया। स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। देवघर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उज्जवल की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक मजदूरी कर अपना और परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके माता-पिता भी मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपायुक्त की अध्यक्षता में पीसी-पीएनडीटी एक्ट की हुई बैठक
देवघर/वरीय संवाददाता।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुधवार को पीसी-पीएनडीटी एक्ट-1994 से संबंधित जिला सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने बैठक के माध्यम से आए हुए विभिन्न केंद्रों के आवेदनों पर विचार-विमर्श करते हुए समिति द्वरा सभी मामलों की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति जताई। आगे बैठक में उपायुक्त द्वारा जानकारी दिया गया कि वर्तमान में देवघर जिला में कुल 55 अल्ट्रासाउंड केंद्र हैं। सभी निबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों में जिला स्तर पर गठित टीम के द्वारा औचक निरीक्षण कर जांच किया जा रहा है कि इस संस्थानों में भ्रूण हत्या, जन्म पूर्व लिंग परीक्षण और अन्य किसी भी माधयम से बेटियों की हत्या आदि का कार्य तो नही किया जा रहा है। अगर उपरोक्त मामलों में कोई भी संस्थान संलिप्त पाए जाते हैं तो उक्त संस्थान के लाइसेंस को रद्द करते हुए जिला स्तर से विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पीसी-पीएनडीटी एक्ट
गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम, 1994 भारत में कन्या भुण्र हत्या और गिरते लिंगानुपात को रोकने के लिए भारत की संसद द्वारा पारित एक संघीय कानून है। इस अधिनियम से प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक (पीसी-पीएनडीटी एक्ट- 1994) के तहत जन्म से पूर्व शिशु के लिंग की जांच पर पाबंदी है। ऐसे में अल्ट्रासाउंड या अल्ट्रासोनोग्राफी कराने वाले जोड़े या करने वाले डाक्टर, लैब कर्मी को तीन से पांच साल सजा और 10 से 50 हजार जुर्माने की सजा का प्रावधान है।
सदर अस्पताल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का एक सप्ताह में कार्य करें पूर्ण: उपायुक्त
देवघर/वरीय संवाददाता।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा बुधवार को सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक के प्रगति कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का गहन जायजा लिया तथा ऑपरेशन थियेटर, इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू, लिफ्ट स्थापना कार्य एवं रिसेप्शन एरिया का स्थलीय अवलोकन कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी और पदाधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने एवं शेष बचे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुगम व आधुनिक होनी चाहिए। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के चालू होने से जिले तथा आस-पास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को आपातकालीन और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मौके पर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर में बन रहे इस क्रिटिकल केयर ब्लॉक से देवघर शहर एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को आधुनिक एवं गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज में बड़ी राहत और सुविधा मिलेगी। साथ ही एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य एजेंसी को दिया गया है। आगे उपायुक्त ने कहा कि कार्य पूरा होने के पश्चात प्रशासन की टीम द्वारा पुन: स्थल का गहन व विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप पूर्ण हुआ है। क्रिटिकल केयर ब्लॉक शुरू होने के बाद आम जनता को इसका अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए एक सुव्यवस्थित संचालन योजना तैयार की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, संबंधित तकनीकी पदाधिकारी एवं एजेंसी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
देवघर जिला प्रशासन से शहर में बढ़ रही छिनतई पर अंकुश लगाने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने शहर में बढ़ रही छिनतई पर अंकुश लगाने की मांग देवघर जिला प्रशासन से की है। श्री कुमार ने कहा कि बढ़ रही छिनतई के कारण महिला सहित हर वर्ग के लोग भय के माहौल में जीने को विवश हैं। छिनतई करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई किए जाने की जरूरत है ताकि छिनतई जैसे अपराध पर अंकुश लग सके और महिला सहित सभी लोग निर्भीक होकर शहर में घूम सकें।
शादी का झांसा देकर युवती को भगाने का आरोप, कुंडा थाना में शिकायत
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर युवती की सकुशल बरामदगी और मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। दर्ज मामले के के अनुसार, 25 अगस्त को युवती शॉर्टहैंड-टाइप सीखने के लिए करनीबाग स्थित स्टुडेन्ट टेम्पल लाइब्रेरी गई थी। आरोप है कि इसी संस्था के कक्षा संचालक सुमित कर, पिता उत्तम कर, निवासी देवान बाबा गली, करनीबाग ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया और गलत नियत से अपहरण कर फरार हो गया। मामले में कहा गया है कि काफी खोजबीन के बाद भी युवती का पता नहीं चल सका। खोजबीन के दौरान मामले में सुमित कर के अलावा उसकी बहन पायल कुमारी, उसकी मां तथा संस्था के संचालक की मिलीभगत की आशंका जताई गई है। मामले में आशंका जताई है कि युवती के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। घटना के संबंध में 1 सितंबर को कुंडा थाना में मामला दर्ज कराते हुए युवती को सकुशल बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
सत्संग ठाकुरबाड़ी से दो अनुयायियों के मोबाइल चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सत्संग आश्रम स्थित ठाकुरबाड़ी से दो अनुयायियों के मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पीड़ितों ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ितों में ओडिशा के जाजपुर जिले के बारी निवासी राहुल कुमार दास और कोलकाता के चतला थाना क्षेत्र के कालीघाट निवासी सुष्मिता दास शामिल हैं। राहुल कुमार दास ने पुलिस को बताया कि वह ठाकुरबाड़ी में घूमने गये थे। इसी दौरान किसी अज्ञात युवक ने उनकी जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। वहीं, सुष्मिता दास के अनुसार उनके पर्स से मोबाइल चोरी हो गया। शिकायत मिलने के बाद नगर पुलिस ने दोनों पीड़ितों से मोबाइल खोने का फॉर्म भरवाया और उन्हें वापस भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुम्मा के पास घायल मिले अज्ञात कांवरिया की इलाज के दौरान मौत
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह घायल अवस्था में मिले करीब 35 वर्षीय अज्ञात श्रद्धालु कांवरिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। रिखिया पुलिस ने उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां बुधवार की दोपहर उसने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे बिहार बॉर्डर के करीब रिखिया थाना क्षेत्र के दुम्मा के पास एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही रिखिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार की दोपहर उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने अज्ञात शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है।