- मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
देवघर/नगर संवाददाता। भारत विकास परिषद, बैद्यनाथधाम शाखा की ओर से शुक्रवार को स्थानीय दीनबंधु उच्च विद्यालय के रविंद्र सभागार में स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम देशभक्ति, सेवा और सामाजिक उत्थान के संकल्पों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कक्षा दसवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा विद्यालय को चार सीलिंग फैन भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम का संचालन विपेंद्र झा ने किया, जबकि विषय प्रवेश प्रो. अरविंद कुमार झा ने कराया। संस्कार सचिव डॉ. राखी रानी ने स्वागत भाषण दिया। उनके सौजन्य से विद्यालय को चार सीलिंग फैन उपलब्ध कराए गए। शाखा अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। समारोह में कक्षा दसवीं के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। छात्राओं में अंकिता कुमारी (प्रथम), माही भगत (द्वितीय) एवं वैष्णवी कुमारी (तृतीय), जबकि छात्रों में आदित्य राज (प्रथम), साहिल राज (द्वितीय) एवं आनंद मिश्रा (तृतीय) को सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर परिषद की स्थापना और छह दशकों की सेवा यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि भारत विकास परिषद की स्थापना स्वामी विवेकानंद की जन्मशती के अवसर पर वर्ष 1963 में हुई थी। 10 जुलाई 1963 को सोसायटी पंजीकरण अधिनियम के तहत पंजीकृत यह संगठन आज एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक-सांस्कृतिक एवं स्वैच्छिक संस्था के रूप में राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। वक्ताओं ने परिषद की सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन देशभर में 13 दिव्यांग सेवा केंद्रों के माध्यम से लगभग तीन लाख दिव्यांगजनों की सहायता कर चुका है। इसके अलावा समग्र ग्राम विकास, सामूहिक सरल विवाह, एनीमिया मुक्त भारत एवं महिला स्वावलंबन जैसे 1680 से अधिक स्थायी सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। परिषद की विभिन्न पत्रिकाओं एवं प्रकाशनों के माध्यम से भी सामाजिक जागरूकता का कार्य किया जा रहा है। परिषद ने अपने सातवें दशक के संकल्पों की भी जानकारी दी। संगठन का लक्ष्य सदस्यता को दो लाख परिवारों तक पहुंचाना, तकनीक का अधिक उपयोग करना, साहित्य का विस्तार करना तथा देश के प्रत्येक जिला केंद्र तक शाखाओं का विस्तार करना है। साथ ही महिलाओं और युवाओं की निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं राज पलिवार रहे। कार्यक्रम में प्रभात चरण मिश्रा, शंभुनाथ झा, नवगोपाल घोष, डॉ. निमाई चंद्र गांधी, संदीप गोस्वामी, डॉ. चेतना भारती, बिजय पांडेय, दीनबंधु उच्च विद्यालय के प्राचार्य काजल दा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अब्दुल गफूर को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अब्दुल गफूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक कुशल प्रशासक व अनुशासन प्रिय राजनीतिज्ञ थे। मुख्यमंत्री का पद हो या केंद्रीय मंत्री का अपने कार्यकलापों से इन्होंने पद की गरिमा तो बढ़ाई ही, साथ ही अपनी कार्य संस्कृति की एक अमिट छाप भी छोड़ी। स्वतंत्रता आंदोलन में भी इन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। कर्मठता, राजनीतिक शुचिता एवं मर्यादा ज़ेहन में कूट-कूट कर भरी हुई थी।
बीएलओ नहीं पहुंचे तो घबराएं नहीं, जल्द घर-घर पहुंचेंगे : एसडीओ
- अभी दस्तावेज देने की जरूरत नहीं, पहले फॉर्म भरकर बीएलओ को करें उपलब्ध, बाद में होगा सत्यापन और डिजिटाइजेशन
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रवि कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर लोगों की शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अभी तक बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) आपके घर नहीं पहुंचे हैं तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रारंभिक चरण में सीमित संख्या में फॉर्म उपलब्ध कराए गए थे, जबकि अब सभी मतदाताओं के लिए पर्याप्त फॉर्म उपलब्ध हो चुके हैं। अगले तीन से चार दिनों के भीतर बीएलओ घर-घर पहुंचकर फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। एसडीओ ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में बीएलओ नहीं पहुंच रहे हैं तो मतदाता स्वयं उनसे संपर्क कर सकते हैं और फॉर्म प्राप्त कर जल्द से जल्द भरकर वापस कर दें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता को दो फॉर्म दिए जाएंगे। फॉर्म प्राप्त होने के बाद प्रशासन की ओर से उनका डिजिटाइजेशन किया जाएगा तथा उपलब्ध विवरण का मिलान संबंधित अभिलेखों से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के पास फिलहाल कोई मैपिंग या अन्य प्रमाण उपलब्ध नहीं है, वे भी फॉर्म अवश्य भरें। यदि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है तो उसका विवरण फॉर्म में अंकित करें। यदि उस समय नाम दर्ज नहीं था तो माता-पिता अथवा विवाह से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करें, ताकि रिकॉर्ड का मिलान किया जा सके। रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि इस चरण में बीएलओ किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं मांगेंगे। यदि किसी कारणवश मतदाता तत्काल पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, तब भी फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे बीएलओ को सौंप दें। इसके बाद प्रशासन आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए डेटा का मिलान और डिजिटाइजेशन करेगा। उन्होंने बताया कि दस्तावेजों का सत्यापन बाद के चरण में किया जाएगा। केवल उन्हीं मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जाएंगे, जहां उपलब्ध अभिलेखों से पहचान या विवरण का मिलान नहीं हो पाएगा। एसडीओ ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें, समय पर फॉर्म भरकर जमा करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके। - सदर अस्पताल में दलालों पर शिकंजा
उपाधीक्षक ने एक महिला दलाल के खिलाफ एफआईआर का कराया दर्ज - मीडिया में बदहाल व्यवस्था उजागर होने के बाद हरकत में आया अस्पताल प्रशासन, वीडियो और फोटो के आधार पर नगर थाना से कार्रवाई की मांग
देवघर। नगर संवाददाता। देवघर सदर अस्पताल की अव्यवस्था और दलालों की सक्रियता का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ सुषमा वर्मा ने नगर थाना में आवेदन देकर अस्पताल परिसर में सक्रिय एक महिला दलाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया है। महिला दलाल की पहचान वीडियो एवं फोटोग्राफ के माध्यम से किया गया है, जिनके आधार पर संबंधित महिला की पहचान किए जाने की बात कही गई है। उपाधीक्षक ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि सदर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, महिला ओपीडी और लेबर रूम के आसपास कुछ दलाल सक्रिय रहते हैं, जो मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह कर अस्पताल की व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर थाना पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों, विशेषकर महिला दलालों के बीच हड़कंप मच गया है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि मरीजों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लंबी कतार, दलालों की सक्रियता और चिकित्सकों की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। इसी के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। यह बात सामने आयी थी कि मेडिसिन ओपीडी में कार्यरत महिला चिकित्सक डॉ अर्चना कुमारी कथित रूप से करीब दो घंटे तक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं थीं। इस दौरान मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। मरीजों द्वारा विरोध जताने पर भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और कई मरीज बिना उपचार कराए लौट गए। मामले की शिकायत अस्पताल प्रशासन से भी की गई थी। इस पूरे प्रकरण पर सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने कहा था कि शिकायतों की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब अस्पताल प्रशासन द्वारा दलालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की पहल को व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है - जनता दरबार में उपायुक्त सख्त
अंचल से जुड़े मामलों का तय समय में करें सीओ निस्तारण : उपायुक्त - जमीन विवाद से बंद स्कूल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश, मिशन वात्सल्य योजना से बच्चों को जोड़ने पर जोर
देवघर/वरीय संवाददाता। जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राजस्व तथा राशन कार्ड से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आवास, पेंशन, मईंया सम्मान योजना तथा राजस्व से जुड़े कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण भी किया गया। जनता दरबार के दौरान सोनारायठाढ़ी प्रखंड के जरका चंदना गांव में जमीन विवाद के कारण बंद पड़े राजकीयकृत मध्य विद्यालय का मामला भी सामने आया। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा एक किलोमीटर के दायरे में सरकारी भवन चिह्नित कर विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने मिशन वात्सल्य योजना के तहत एकल अभिभावक वाले बच्चों को योजना से जोड़ने का भी निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के अनाथ, बेसहारा अथवा एकल अभिभावक वाले बच्चों को इस योजना के तहत प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनके पालन-पोषण एवं शिक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) को निर्देश दिया कि प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाले प्रखंड स्तरीय जनता दरबार में अधिकतम मामलों का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण करें, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े और प्रशासनिक व मानसिक परेशानी कम हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र निष्पादन करें। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर की गई कार्रवाई की प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके। जनता दरबार में प्रभारी पदाधिकारी जनशिकायत कोषांग, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
पंडित शिवराम झा महामना की 47वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
- शिक्षा, समाज सुधार और राष्ट्रसेवा में योगदान को किया गया नमन, नई पीढ़ी तक उनके आदर्श पहुंचाने का लिया संकल्प
देवघर/नगर संवाददाता। शिक्षा, समाज सुधार और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पंडित शिवराम झा महामना की 47वीं पुण्यतिथि गुरुवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पंडित शिवराम झा चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया गया। पुण्यतिथि कार्यक्रम में उनके वंशज मीणा झा और प्रियंका झा ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित शिवराम झा का संपूर्ण जीवन शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श, विचार और सिद्धांत आज भी समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहे हैं तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि देवघर और संताल परगना के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में पंडित शिवराम झा महामना का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना और जीवनभर इसके विस्तार एवं जनजागरण के लिए कार्य किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही इस बात पर बल दिया गया कि पंडित शिवराम झा ‘महामना’ के योगदान, विचारों और मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन उनके प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
हाईटेक होगा श्रावणी मेला, 900 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी : एसडीओ
- इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम, लाइव डैशबोर्ड और ऑनलाइन मॉनिटरिंग से मिलेगी श्रद्धालुओं को हर पल की जानकारी
- गर्भगृह में मोबाइल प्रतिबंध पर चल रही चर्चा
देवघर/नगर संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में 29 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार मेला को पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई नई डिजिटल व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। पिछले वर्ष इसका परीक्षण किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम मिले थे। इस बार इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। मेला क्षेत्र में 900 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि 200 से अधिक एआई आधारित स्मार्ट कैमरे भी निगरानी के लिए तैनात किए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। एसडीओ ने कहा कि पहले झारखंड प्रवेश द्वार दुम्मा पर कांवरियों की गणना टोकन और मैनुअल पद्धति से की जाती थी, लेकिन अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन किया जाएगा। ऑनलाइन सर्विलांस सिस्टम और स्मार्ट मॉनिटरिंग के जरिए प्रशासन हर समय मेला क्षेत्र की स्थिति पर नजर रख सकेगा। उन्होंने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव डैशबोर्ड भी विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से कांवरिये यह जान सकेंगे कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन के लिए कितना समय लगेगा, कितने श्रद्धालु जलार्पण कर चुके हैं, कितने कतार में हैं, रेलवे और एयरपोर्ट की समय-सारिणी क्या है तथा होटलों में कितने कमरे या बेड उपलब्ध हैं। यह सभी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। खोया-पाया व्यवस्था को भी डिजिटल बनाया जा रहा है। अब केवल सूचना केंद्रों पर निर्भर रहने के बजाय ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से शीघ्र मिलाने का प्रयास किया जाएगा।
गर्भगृह में मोबाइल फोन ले जाने पर संभावित प्रतिबंध के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर एसडीओ रवि कुमार ने कहा कि इस विषय पर अभी विचार विमर्श चल रहा है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया जा सकता है, क्योंकि कई श्रद्धालु गर्भगृह में मोबाइल से वीडियो बनाने में समय लगाते हैं, जिससे कतार प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि यदि मोबाइल प्रतिबंध लागू किया जाता है तो श्रद्धालुओं के मोबाइल सुरक्षित रखने के लिए अलग से व्यवस्था भी की जाएगी, जिसके लिए एक सुरक्षित कक्ष तैयार किया गया है।
आज भी कई इलाकों में बाधित रहेगी बिजली
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेला के दौरान निर्बाध व सुरक्षित विद्युत आपूर्ति को लेकर विभाग की ओर से रख-रखाव कार्य कराया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को कॉलेज पीएसएस से 11 केवी कांवरिया फीडर और पीएसएस डाबरग्राम से 11 केवी देवघर-वन फीडर व 11 केवी सिटी-वन फीडर क्षेत्र में रख-रखाव का काम कराया जाएगा। इस वजह से सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक देवघर रेलवे स्टेशन, बाघमारा बस स्टैंड, खिजुरिया, कांवरिया पथ, दुम्मा बार्डर, बेलाबगान, नंदन पहाड़, डीडीसी आवास, पुलिस लाइन, सत्संग चौक, एसपी ऑफिस, कोर्ट कैंपस वीआइपी चौक, आइपीसी, हरिओम ज्वेलर्स, बड़ी मस्जिद, राजा बगिचा, नया नगर निगम कार्यालय, पटेल चौक, जलसार चौक, टावर चौक, आजाद चौक सहित आसपास क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
श्रावणी मेला में कांवरियों को मेडिकल सुविधाओं को लेकर बैठक
जसीडीह/संवाददाता। श्रावणी मेला में कांवरियों को मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर शुक्रवार को आसनसोल डिवीजन की अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रजनी सिन्हा ने सीएस देवघर कक्ष में सीएस डॉ रमेश कुमार के साथ बैठक की। इस अवसर पर श्रावणी मेला के दौरान ट्रेनों से आवागमन करने वाले कांवरियों को देवघर जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल कर मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर कई निर्णय लिया गया। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान जसीडीह, देवघर और बैद्यनाथधाम स्टेशनों पर डॉक्टर, पैरामेडिकल, एम्बुलेंस और अन्य सहायक चिकित्सा सुविधाओं आदि का संयुक्त निर्णय लिया गया। जसीडीह स्टेशन पर राज्य सरकार का एक डॉक्टर और रेलवे का एक डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ के साथ चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे।इस अवसर पर अभिजीत मंडल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, मंडल रेलवे अस्पताल, धीरेन्द्र गोप, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, आसनसोल, बी. दुबे, स्वास्थ्य विस्तार प्रशिक्षक, आसनसोल, अवध कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक, जसीडीह आदि उपस्थित थे।
अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार संघ के युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा मंदिर में की पूजा
देवघर/नगर संवाददाता। उत्तर प्रदेश के अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार संघ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह भाजपा नेता प्रीतम प्रजापति शुक्रवार को देवघर पहुंचे। देवघर आगमन पर झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ के जिला अध्यक्ष उमाशंकर प्रजापति ने उनका स्वागत किया। इस दौरान समाज के कुंदन पंडित के अलावा कई लोग मौजूद रहे। देवघर पहुंचने के बाद प्रीतम प्रजापति ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान उनके साथ आए लोगों ने भी बाबा का जलाभिषेक कर मंगलकामना की।
इसके बाद प्रीतम प्रजापति एवं उनके साथियों का दल देवघर से बासुकिनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। वहां पहुंचकर उन्होंने बाबा बासुकिनाथ की पूजा-अर्चना की। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी लोग देर शाम पुन: देवघर पहुंचे। देवघर प्रवास के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात भी की। स्वागत करने वालों ने प्रीतम प्रजापति को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। देर शाम देवघर से प्रीतम प्रजापति उत्तर प्रदेश के बलिया के लिए रवाना हो गये। उनके देवघर आगमन को लेकर प्रजापति समाज के लोगों में उत्साह देखा गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे को सामाजिक और धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया।