-मणिशंकर ने केंद्र सरकार के मुखिया से की प्रायश्चित की अपील
-देवघर में प्रदर्शन कर चंदा घोटाले की सुप्रीम कोर्ट से जांच की मांग
देवघर/एक संवाददाता। बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित श्री राम मंदिर में एक विशेष ‘क्षमा याचना हवन’ का आयोजन किया गया। ऋषि ब्रह्मर्षि सांस्कृतिक मंच के महासचिव मणिशंकर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए उन्होंने अयोध्या राम मंदिर निर्माण के दौरान हुए कथित चंदा घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के समक्ष क्षमा याचना करने की मांग की है।
मणिशंकर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश-विदेश के करोड़ों सनातनियों ने अपनी गाढ़ी कमाई से दान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर कोष से करोड़ों की चंदा चोरी ने न केवल दानदाताओं को ठगा हुआ महसूस कराया है, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था को भी गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा की थी, लेकिन अब करोड़ों की लूट के बाद उन्हें मंदिर व्यवस्था की कमियों को स्वीकार करना चाहिए। उन्हें शीर्ष नेतृत्व के साथ अयोध्या जाकर प्रायश्चित करना चाहिए और देश को विश्वास दिलाना चाहिए कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी।” श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए मणिशंकर ने कहा कि इस ट्रस्ट का गठन 5 फरवरी 2020 को प्रधानमंत्री कार्यालय ने किया था और इसमें 15 सदस्य नियुक्त किये गये थे। हर कदम पर सीसीटीवी निगरानी होने के बावजूद चढ़ावे में चोरी का मामला सामने आने में वर्षों का समय लगना सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पारदर्शिता बरतने और मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सनातन धर्म की मान्यताओं का उल्लेख करते हुए मणिशंकर ने बताया कि किसी भी धार्मिक अनुष्ठान में त्रुटि या कमी होने पर प्रायश्चित का विधान है। इस ‘क्षमा याचना हवन’ में दलित, पिछड़ा वर्ग, आदिवासी और सामान्य वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हवन कार्यक्रम आचार्य लंबोदर परिहस्त और देवनारायण फलाहारी के मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पंडा धर्मरक्षणी सभा ने भी अपना सहयोग प्रदान किया। मौके पर राजेंद्र दास, प्रो. उदय प्रकाश, बृजभूषण राम, अनुराग आनंद, कुमार बाबा, पंकज भारती, अनिल चंद्रवंशी, सुबोध दास, अमरिंदर भोपाल, निर्णय कुमार, मणिकांत कुमार, चंद्र देवदास और किशोर रवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
जननायक पंडित फूलकू पांडेय की 28वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
- योगदान को किया गया याद
जसीडीह/संवाददाता। देवघर प्रखंड की पिछड़ीबाद पंचायत अंतर्गत लखन गड़िया गांव स्थित पंडित फूलकू पाण्डेय सद्भावना उद्यान में बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मुखिया, किसान नेता एवं जननायक पंडित फूलकू पाण्डेय की 28वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वयंसेवी संस्था संपूर्ण स्वराज एवं फूलकू सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी जनार्दन पाण्डेय ने कहा कि स्व. फूलकू पाण्डेय ने जीवनभर किसानों, मजदूरों और ग्रामीण विकास के लिए संघर्ष किया। उन्होंने क्षेत्र में विद्यालय, महाविद्यालय, सड़क, पुल एवं प्रखंड निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बताया कि स्व. पाण्डेय ने जीवनभर अपने पैरों में चप्पल तक नहीं पहनी और सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं को मंच देने के उद्देश्य से उन्होंने लखन गड़िया कृषि प्रदर्शनी एवं किसान मेले की शुरुआत कराई, जो लंबे समय तक किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर एवं ग्रामीणों ने जननायक के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर निर्मल राय, दयानंद पाण्डेय, कुलदीप सिंह, किशोर चौहान, लक्ष्मीकांत नौनिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती बंद हो : इंटक
देवघर/वरीय संवाददाता। श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच शहर में मेंटेनेंस के नाम पर हो रही लगातार बिजली कटौती को लेकर झारखंड प्रदेश इंटक ने नाराजगी जताई है। प्रदेश सचिव अजय कुमार, जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा एवं कार्यकारिणी सदस्य प्रमिला देवी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति से आम उपभोक्ताओं, व्यवसायियों और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इंटक नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग पूरे वर्ष आवश्यक रखरखाव कार्य नहीं करता और श्रावणी मेले के ठीक पहले व्यापक मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती शुरू कर देता है। इससे आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की कि मेंटेनेंस कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
देवघर स्वास्थ्य विभाग में सामूहिक तबादले पर विवाद
- कर्मचारी संघ ने सीएस को सौंपा आवेदन
- तीन वर्ष से एक ही जगह जमे लिपिकों के तबादले की मांग
- बिना अनुमोदन सामूहिक ट्रांसफर प्रक्रिया पर उठाए सवाल
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के सामूहिक स्थानांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। जिला चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सिविल सर्जन) को आवेदन सौंपकर वर्ष 2026 में प्रस्तावित सामूहिक स्थानांतरण प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। संघ का आरोप है कि निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, झारखंड से आवश्यक अनुमोदन लिए बिना ही सामूहिक तबादले की तैयारी की जा रही है।
संघ के जिला मंत्री मुन्ना राय द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2024 और 2025 में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का सामूहिक स्थानांतरण पहले ही किया जा चुका है। इसके बावजूद वर्ष 2026 में बिना एजेंडा स्वीकृत कराए दोबारा सामूहिक तबादले की प्रक्रिया शुरू करना नियमों के विपरीत है।
तीन साल से जमे लिपिकों पर कार्रवाई नहीं : आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य निदेशालय, झारखंड एवं उपायुक्त, देवघर की ओर से तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत लिपिकों के शीघ्र स्थानांतरण का निर्देश एक माह पूर्व जारी किया गया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है। संघ का कहना है कि सरकारी स्थानांतरण नीति के अनुसार लिपिक, भंडारपाल और रोकड़पाल का दो से तीन वर्ष के भीतर स्थानांतरण अनिवार्य है। संघ ने उदाहरण देते हुए बताया कि धनबाद और दुमका सहित कई जिलों में वर्ष 2026 के दौरान तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत सभी लिपिकों का स्थानांतरण कर दिया गया है, जिसे निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं ने भी अनुमोदित किया है।
संघ की प्रमुख मांगें : कर्मचारी संघ ने मांग की है कि पहले तीन वर्ष से एक ही स्थान पर पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत लिपिकों का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। साथ ही निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त होने तक अन्य संवर्ग के कर्मचारियों के सामूहिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं कि कर्मचारी संघ के आवेदन पर क्या निर्णय लिया जाता है और प्रस्तावित सामूहिक स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर विभाग क्या रुख अपनाता है।
बारात में शामिल होने जा रहे तीन युवक सड़क हादसे में गंभीर घायल
- जयपुर थाना क्षेत्र के कधार मोड़ के पास देर रात हुआ हादसा, कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी।
- देवघर सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
देवघर/संवाददाता। बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात में शामिल होने जा रहे तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कधार मोड़ के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौंसी थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार, सुमन कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। तीनों को पहले इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों के साथ आए परिजनों ने बताया कि बुधवार देर रात सभी लोग बौंसी से एक कार पर सवार होकर जयपुर में आयोजित एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर थाना क्षेत्र के कधार मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर बताते हुए उच्च चिकित्सा संस्थान भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल
- एक की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर
देवघर/संवाददाता। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में बिहार के पटना जिला अंतर्गत नवलपुर निवासी महेंद्र राय, रिखिया थाना क्षेत्र के मलहरा निवासी सुरेश यादव, कुंडा थाना क्षेत्र के कुसुमडीह निवासी चंदन कुमार, जामताड़ा निवासी लीलू हेमब्रम तथा खाशबेदिया निवासी कृष्णा कुमार शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के कुसुमडीह निवासी चंदन कुमार बुधवार देर रात बाइक से कुंडा थाना क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुंडा-सारवां मुख्य मार्ग पर देवघर पब्लिक स्कूल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अन्य चार घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया गया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का आवश्यक उपचार किया, जबकि गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को उच्च चिकित्सा संस्थान भेज दिया गया।
घर में घुसकर तलवार से हमला, महिला घायल
- नकदी व जेवर ले जाने का आरोप
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह बसमता निवासी कंचन कुमार साह ने घर में घुसकर मारपीट, तलवार से हमला, जान से मारने की धमकी तथा नकदी व जेवर ले जाने का आरोप लगाते हुए कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस से मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में कंचन कुमार साह ने बताया है कि पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने दूसरी शादी राधा देवी से की थी। आरोप है कि उनकी पत्नी उनके साथ रहने से इनकार कर रही थी। चार दिन पूर्व वे पत्नी की विदाई कराने गए थे, लेकिन वह नहीं आई। इसके बाद 3 जुलाई की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उनकी पत्नी के बहनोई पप्पू साह, उसके भाई सोनू साह और कपिल साह सभी स्व. रोहित साह के पुत्र कथित रूप से तलवार व रॉड से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार जान बचाने के लिए कंचन कुमार साह पड़ोसी रम्मा देवी के घर में शरण लेने पहुंचे। आरोप है कि तीनों आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां भी घुस गए। इस दौरान बीच-बचाव करने पर पप्पू साह ने कथित रूप से तलवार से रम्मा देवी के सिर पर वार कर दिया जिससे उनका माथा फट गया। घायल महिला का इलाज देवघर सदर अस्पताल में कराया गया, जहां उनके माथे पर आठ टांके लगाए गए। कंचन कुमार साह ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें दोबारा पत्नी की विदाई कराने जाने पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी। साथ ही रम्मा देवी के घर में रखे बक्से से 20 हजार रुपये नकद और जेवर निकाल लेने का भी आरोप लगाया है। मामले में कुंडा थाना पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
बंद घर से एसी, गीजर समेत लाखों के सामान की चोरी, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सिंह कॉलोनी, चितोलोढ़िया रोड स्थित एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आई है। मामले को लेकर गृहस्वामी दिलीप कुमार सिंह ने नगर थाना में मामला दर्ज करा कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्ज मामले के अनुसार 8 जुलाई की सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर से एसी, गीजर, कूलर तथा बैटरी सहित एक इन्वर्टर चोरी कर ले गए। घटना के समय दिलीप कुमार सिंह अपनी बेटी के घर प्रोफेसर कॉलोनी में थे। मामले में बताया गया है कि बगल के मकान में रहने वाले उनके भाई के बेटे को देर रात कुछ संदिग्ध आवाज सुनाई दी। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोलकर बाहर देखा, एक स्कूटी तेज रफ्तार से जाती दिखाई दी जिस पर दो लोग कुछ सामान लेकर सवार थे। इसके बाद उसने तुरंत फोन कर घटना की जानकारी दिलीप कुमार सिंह को दी। सूचना मिलने पर जब दिलीप कुमार सिंह अपने घर पहुंचे तो घर से एसी, गीजर, कूलर और बैटरी सहित इन्वर्टर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने नगर थाना मे प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
ससुराल बुलाकर विवाहिता से मारपीट व गहने-नकदी छीनने का आरोप
- रिखिया थाना में शिकायत
देवघर/संवाददाता। रिखिया थाना क्षेत्र के तिलिया कनारी गांव में एक विवाहिता को ससुराल बुलाकर उसके साथ मारपीट करने तथा गहने, मोबाइल और नकदी छीन लेने का मामला सामने आया है। पीड़िता अर्चना देवी पति कुंदन चौधरी वर्तमान निवासी करनीबाग (थाना कुंडा) ने रिखिया थाना में मामला दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले में अर्चना देवी ने बताया कि 30 जून की शाम करीब 5:30 बजे उसके पति कुंदन चौधरी उसे यह कहकर ससुराल ले गए कि परिवार ने अब उसे स्वीकार कर लिया है और घर बुलाया है। पति की बात पर विश्वास कर वह रिखिया थाना क्षेत्र के तिलिया कनारी स्थित ससुराल पहुंची। आरोप है कि घर के दरवाजे पर पहुंचते ही पति अंदर चला गया, जबकि बाहर आई उसकी सास सुजाता देवी और ननद गुड़िया कुमारी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी सास ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया जबकि ननद ने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र, कान के सोने के टॉप, सोने की नथ, मोबाइल फोन तथा पर्स में रखे लगभग 60 हजार रुपये छीन लिए। अर्चना देवी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति पूरे घटनाक्रम के दौरान घर के अंदर रहा और बाहर निकलकर बचाने तक नहीं आया। पीड़िता ने बताया कि उसने कुंदन चौधरी से तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह में जा रहे युवक पर जानलेवा हमला, मारपीट व छिनतई का आरोप
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढ़िया गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित गजाधर कुमार मंडल निवासी ग्राम चित्तोलोढ़िया थाना कुंडा ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्ज मामले के अनुसार घटना 6 जुलाई की रात करीब 9 बजे की है। गजाधर कुमार मंडल अपने गोतिया कैला मंडल के घर आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय चित्तोलोढ़िया के समीप पहुंचे तभी पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही छटु मंडल, विशाल मंडल तथा पाण्डे मंडल ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपित लोहे की रॉड, लोहे के पाइप और हाथ में पहने कड़े से बेरहमी से मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान छटु मंडल ने लोहे की रॉड से उनके माथे पर वार किया जिससे उनका माथा फट गया और खून बहने लगा। इसके अलावा पूरे शरीर पर भी रॉड, पाइप और कड़े से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया गया। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी जेब से शादी में देने के लिए रखे 2100 रुपये भी छीन लिए। पीड़ित ने कुंडा थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
दूधकोठी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- 50 हजार की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
-एसपी को मिली गुप्त सूचना पर गठित टीम ने वाहन जांच के दौरान दबोचा
-आरोपियों ने पूछताछ में हंसडीहा से ब्राउन शुगर लाकर देवघर में बिक्री करने की बात स्वीकार की
देवघर/संवाददाता। देवघर नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवघर-दुमका मुख्य सड़क स्थित दूधकोठी धर्मकांटा के पास छापेमारी कर करीब 50 हजार रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर ने थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर की ओर से एक पिकअप वैन (संख्या जेएच-15भी -7677) में सवार दो व्यक्ति अवैध ब्राउन शुगर लेकर नगर थाना क्षेत्र के दूधकोठी धर्मकांटा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर के अलावा एसआई सुमंत प्रसाद, एसआई मिथलेश कुमार, एसआई शंकर रजक, एसआई मुकेश कुमार तिवारी, एएसआई भूषण एक्का तथा नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन चालक मोहनपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह बैजनाथपुर निवासी महानंद यादव के पास से सात पुड़िया तथा उसके बगल में बैठे रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा निवासी चंदन कुमार मंडल की जेब से छह पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 2.41 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हंसडीहा से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर रिखिया थाना क्षेत्र में उसकी बिक्री करते थे। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार, एक किशोर निरुद्ध
देवघर/संवाददाता। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 8 जुलाई को की गई छापेमारी में 11 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया। सभी पर साइबर ठगी में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना एवं पथरड्डा ओपी क्षेत्र में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें एक किशोर भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक तकनीकी जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अजीत दास, सिकंदर दास पुनसिया, थाना बुढ़ई, बुलू दास तिलौना थाना देवीपुर, शिवम कुमार असाना, थाना मोहनपुर, गोखुल मंडल, चन्द्र कुमार मंडल, ईसाक अंसारी नागादरी, थाना करौं, नवाज अंसारी टटकजोरी थाना मारगोमुण्डा तथा मांगन महरा, संदीप महरा और पंकज महरा रंगा सिरसा थाना पाथरौल शामिल हैं। सभी देवघर जिले के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करते थे। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद होने और पुन: चालू कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। फर्जी क्रेडिट कार्ड लिंक भेजकर भी साइबर अपराध को अंजाम दिया जाता था। छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से 14 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड तथा दो प्रतिबिंब सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज मिली हैं। इस कार्रवाई में पुनि बिशेश्वर कुमार, पुनि संतोष कुमार मंडल साइबर थाना, सअनि राकेश कुमार रंजन मोहनपुर थाना, सअनि आमुस होरो पथरड्डा ओपी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
मारपीट जानलेवा हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने गुरूवार को एक वर्ष से फरार चल रहे मारपीट जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम प्रेम महथा है जो थाना इलाके के सलौनाटांड़ का रहने वाला है। वह नगर थाना कांड संख्या 255/25 का आरोपी था।