- बैग स्कूल में मिला, परिजन बोले—शिक्षकों की लापरवाही से गई आठ वर्षीय रेहान की जान
गिरिडीह/संवाददाता। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कमलजोर अंबाटांड़ स्थित तालाब में डूबने से आठ वर्षीय मासूम रेहान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अंबाटांड़ लौट आए और झगरी स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के बाहर ग्रामीणों के साथ हंगामा किया।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि रेहान गुरुवार सुबह स्कूल आया था और कक्षा में पढ़ाई भी कर रहा था। लेकिन वह स्कूल परिसर से कब निकलकर तालाब तक पहुंच गया, इसकी जानकारी किसी शिक्षक को नहीं हुई। घटना के बाद भी उसका स्कूल बैग विद्यालय में ही रखा मिला।
ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि बच्चों की नियमित निगरानी की जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। उनका कहना था कि स्कूल समय के दौरान एक छात्र का परिसर से बाहर निकल जाना और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
घटना के बाद विद्यालय के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
जमुआ/गिरिडीह/संवाददाता। हीरोडीह थाना क्षेत्र के फतहा पंचायत अंतर्गत कुरूमडीहा गांव में 19 वर्षीय विवाहिता रजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। ससुराल स्थित घर में शव मिलने के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मृतका का पति अफजल अंसारी घर से फरार बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की मां और चाचा का आरोप है कि रजिया की हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।
सेवा कार्यों से दिया स्वास्थ्य, हरियाली और मानवता का संदेश
गिरिडीह/संवाददाता। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स (डिस्ट्रक्टि 325) ने जुलाई के प्रथम सप्ताह में स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा से जुड़ी कई जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया।
डॉक्टर्स डे (1 जुलाई) पर क्लब ने समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. अंकिता सहाय, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. शीला वर्मा और डॉ. राजेश वर्मा को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इसी क्रम में हरिचक गांव में 25 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
7 जुलाई को रोटरी आई हॉस्पिटल में आयोजित किडनी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में पीडीसी पूनम सहाय ने किडनी की देखभाल, संतुलित आहार, पर्याप्त जल सेवन और नियमित व्यायाम के महत्व पर जानकारी दी। इस दौरान रोटरी डायलिसिस सेंटर के एक मरीज को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
वहीं 8 जुलाई को नवजीवन हॉस्पिटल में आयोजित किडनी हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम में अस्पताल की सीईओ स्वाति बगड़िया एवं डॉ. हेमंत कुमार ने किडनी रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विस्तार से जानकारी दी।
इन सभी कार्यक्रमों में क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर, पीडीसी पूनम सहाय, एडिटर मृदुला शर्मा तथा नेहा सिंह की सक्रिय सहभागिता रही।
एसआईआर को लेकर चला जागरूकता अभियान
पीरटांड़/गिरिडीह/संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अभियान का निरीक्षण किया तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म के महत्व की जानकारी देते हुए समय पर फॉर्म भरने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। बीडीओ ने संबंधित बीएलओ एवं अभियान से जुड़े कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने और समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
बीएसएनएल कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
पीरटांड़/गिरिडीह/संवाददाता। मधुबन स्थित बीएसएनएल कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार्यालय के एक कमरे में धुआं भर गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों, कर्मियों एवं दमकल विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। आग के कारण बीएसएनएल कार्यालय का कमरा पूरी तरह धुएं से भर गया। इस दौरान कार्यालय के नीचे स्थित एक फल दुकान की छत पर भी हल्की चिंगारी पहुंच गई, लेकिन वहां भी समय रहते आग बुझा दी गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पुलिस ने फरार आरोपी के घर चस्पाया नोटिस
डुमरी/गिरिडीह/संवाददाता। डुमरी थाना कांड संख्या 113ध्2023 में फरार चल रहे अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार तामिला की कार्रवाई की गई। यह कांड 26 अक्टूबर 2023 को धारा 354(सी)/500/506 भादवि एवं धारा 67(ए) आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। मामले के अभियुक्त हीरो कुमार, पिता प्रेम महतो, निवासी ग्राम खेतको, थाना बगोदर के विरुद्ध गिरिडीह के अपर सत्र न्यायाधीश-2 के न्यायालय द्वारा इश्तेहार अधिपत्र निर्गत किया गया था। डुमरी पुलिस की टीम गुरुवार को ग्राम खेतको पहुंची और इश्तेहार को तामिल किया। टीम ने इश्तेहार की प्रति अभियुक्त के घर पर तथा गांव के सार्वजनिक स्थान पर चिपकाई। साथ ही डुग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई। इश्तेहार तामिला के समय अभियुक्त की माता, भाई तथा ग्रामीण टहल महतो, उमेश कुमार, प्रकाश कुमार और जितेंद्र महतो उपस्थित थे।
धनेश्वर मंडल की पुण्यतिथि पर उनके संघर्षों को किया नमन
गिरिडीह/संवाददाता। गांडेय प्रखंड के मरगोडीह स्थित झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय धनेश्वर मंडल के स्मारक स्थल पर गुरुवार को उनकी आठवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। स्व. धनेश्वर मंडल स्मारक समिति एवं झामुमो प्रखंड कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन का स्वागत स्मारक समिति के अध्यक्ष हाजी उस्मान ने बुके देकर किया। श्रद्धांजलि की शुरुआत स्व. मंडल की पत्नी रोहिणी देवी, बहू संजू मंडल, पुत्र दिलीप मंडल एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित कर की।
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि स्व. धनेश्वर मंडल का योगदान पूरे झारखंड के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अलग झारखंड राज्य आंदोलन में शिबू सोरेन (गुरुजी) के साथ कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्व. धनेश्वर मंडल और बसंत पाठक के संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके संघर्षों को झारखंड आंदोलन की अमूल्य धरोहर बताया।
अपने संबोधन में मंत्री ने ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम छूटने पर भविष्य में कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। उन्होंने झामुमो प्रखंड कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों से प्रत्येक पात्र व्यक्ति का एसआईआर फॉर्म भरवाने में सहयोग करने का आ”ान किया।
कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, केंद्रीय समिति सदस्य प्रणव वर्मा, केंद्रीय समिति सदस्य दिलीप मंडल, प्रखंड अध्यक्ष, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
अभाविप स्थापना दिवस पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता, मधुबन जीता
गिरिडीह/संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्र विद्यार्थी दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला मधुबन स्ट्राइकर और यंग स्टार क्लब के बीच खेला गया, जिसमें मधुबन स्ट्राइकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, समाजसेवी भारत साहू और अभाविप प्रदेश सह संयोजक अनीश रॉय उपस्थित थे। थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही समाज हित, राष्ट्र हित और विद्यार्थी हित में कार्य कर रही है। समाजसेवी भारत साहू ने कहा कि अभाविप आज 78 वर्ष पूर्ण कर चुका है। अनीश रॉय ने कहा कि अभाविप पूरे देश में ष्स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान चला रहा है। इस अवसर पर गिरिडीह नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, कॉलेज सह मंत्री दीपक बर्मा, पीरटांड़ इकाई के कार्यकर्ता साहिल तुरी, शुभम कुमार, रोहित कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा एससी मोर्चा का दो दिवसीय प्रवास शुरू
एसआईआर और संगठन विस्तार पर दिया जोर
गिरिडीह/संवाददाता। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम गुरुवार को गिरिडीह में शुरू हो गया। इसकी शुरुआत पार्टी संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। प्रवास के पहले दिन प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज राज ने जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों, डिजिटल प्रशिक्षण और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुए सूरज राज ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। प्रदेश मंत्री कामेश्वर पासवान ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान ”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष उमेश दास ने की। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष को अंगवस्त्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया।
घर-घर पहुंचकर बांटे गए गणना प्रपत्र
- डीसी रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में एसआईआर-2026 अभियान तेज, सभी स्तरों पर हो रही प्रभावी मॉनिटरिंग…
गिरिडीह/संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान के अंतर्गत गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण को लेकर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गंभीरता एवं गति के साथ संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जा सकें। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, एवं वरीय पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण कर रहे हैं। साथ ही बूथ स्तर पदाधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करते हुए गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित कर रहे हैं तथा मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया से भी अवगत करा रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने बूथ स्तर पदाधिकारी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा समय पर अपना गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं।
विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जागरूकता रैली
गिरिडीह/संवाददाता। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर चल रहे जनसंख्या स्थिरता अभियान के तहत आज गुरुवार की सुबह सदर अस्पताल परिसर से एक जोरदार रैली निकाली गई। इसमें जिलेभर से आए सहिया और एएनएमटीसी की छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और परिवार नियोजन तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जागरूकता संदेश दिए। रैली सदर अस्पताल से शुरू होकर रीतलाल वर्मा चैक, मकतपुर चैक, कालीबाड़ी चैक, टावर चैक होते हुए पुन: सदर अस्पताल पर समाप्त हुई। आयोजन में सहिया तथा एएनएमटीसी छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें बैनर, पोस्टर और नारे दिखाए गए। जिला स्वास्थ्य समिति के अधिकारी और स्थानीय स्वास्थ्य पदाधिकारियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बताया गया कि रैली का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरता, सुरक्षित मातृत्व और परिवार नियोजन के महत्त्व को स्थानीय समुदाय के बीच फैलाना था। मौके पर जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ आरपी दास सदर प्रखण्ड के प्रभारी डॉ सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक निरज कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वय मुकेश कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक इकाई समन्वय इन्देदव कुमार, पविार नियोजन कोउनसेलर रूबिका कुमारी परिवार नियोजन प्रशिक्षक लक्ष्मी प्रसाद मौर्य, रामा शंकर शर्मा, नदिम अहमद, सहिया साथी, एएनएम, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया है।