- दिनेशानंद झा बने उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष
देवघर/वरीय संवाददाता। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने प्रदेशाध्यक्ष केशव महतो कमलेश द्वारा जारी की गई जिला कमिटी की सूची शनिवार को प्रकाशित किया। जिसमें उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष दिनेशानंद झा,उपाध्यक्ष मुन्नी हेम्ब्रम,अशोक सिंह, अमरेंद्र कुमार सोना, केदार दास, मकसूद आलम, सुधीर देव शामिल है। महासचिव पद पर राजकुमार शर्मा, कृष्ण मोहन चौबे, हरेकृष्ण राय, संजीव कुमार झा, गणेश दास, महेश मनी द्वारी, राजेश बरनवाल, जयशंकर शरण, अमित पांडेय, शानदार मोहमद खान, मौलाना रियासत अली, दीपक कुमार सिंह, किशोर कुमार ठाकुर, बृजभूषण राम, सविता घोष, नाहिदा सुल्तान, आदित्य सरोलिया, प्रसादी दास,संजीव चौधरी, नजाबुल अंसारी,चमेली देवी,दीपू झा, कुमार विनायक शामिल है। सचिव पद पर नटराज प्रदीप, त्रिपुरारी सिंह, ओमप्रकाश यादव, कामदेव दास, सौरभ कुमार दास, राधा पाल, धर्मेंद्र कुमार सिंह, अनिल चंद्रवंशी, रमणीकांत ठाकुर, विजय नाथ मिश्रा, अनिल ठाकुर, प्रियांशु कुमार, गोलू सिंह, लखेश्वर पंडित, प्रदीप उर्फ राहुल राज, कैलाश चौधरी, श्रीनाथ मरांडी, कामदेव रामानी, बाबा यादव, करमचंद पंडित, डॉ सिराज अंसारी, अजय कृष्ण भारती, बारकी पंडित, अश्विनी कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, पारस यादव, मनीष नाग, घनश्याम सिंह, विनय दुबे शामिल है। कमिटी की घोषणा के बाद जिलाध्यक्ष श्री दास ने कहा कि कमिटी सभी वर्ग सभी प्रखंडों के कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया गया है। जिले एक मजबूत कमिटी बनी जो आने वाले दिनों एक ताकतवर संगठन के रूप में उभरेगा और कांग्रेस के नीति सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाएगी।
श्रावणी मेले से पहले एनएचएआई की बड़ी पहल
- बासुकीनाथ-देवघर फोरलेन और समर्पित कांवरिया पथ से यात्रा होगी सुरक्षित व सुगम
देवघर/वरीय संवाददाता। आगामी श्रावणी मेला 2026 को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-114ए के बासुकीनाथ-देवघर खंड पर यात्री सुविधाओं और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बासुकीनाथ से देवघर तक 45.159 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद लाखों श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक सड़क सुविधा मिलेगी।
श्रावण मास में सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर तक पहुंचने वाले लाखों कांवड़ियों के लिए 36.044 किलोमीटर लंबा एवं 3.5 मीटर चौड़ा समर्पित कांवरिया पथ भी विकसित किया जा रहा है। इससे कांवर यात्रियों और सामान्य वाहनों के लिए अलग-अलग आवागमन की व्यवस्था होगी, जिससे यातायात अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनेगा। परियोजना के तहत बासुकीनाथ, सहारा, तालझारी, घोरमारा और देवघर बाईपास सहित कुल 28.677 किलोमीटर लंबाई में बाईपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सर्विस रोड, स्लिप रोड, फ्लाईओवर, रेल ओवरब्रिज (आरओबी), अंडरपास तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी संरचनाओं का भी निर्माण किया जा रहा है।
श्रावणी मेले के मद्देनजर एनएचएआई ने संबंधित परियोजना खंडों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। सड़क मरम्मत, गड्ढामुक्त मार्ग, जल निकासी, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, सुरक्षा बैरियर तथा साफ-सफाई जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के समन्वय से श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
एनएचएआई, क्षेत्रीय कार्यालय रांची के क्षेत्रीय अधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना एनएचएआई की प्राथमिकता है। बासुकीनाथ-देवघर फोरलेन परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा समर्पित कांवरिया पथ सड़क सुरक्षा और यात्री सुविधा को नई मजबूती देगा। मेले से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए टीम लगातार कार्य कर रही है। परियोजना पूरी होने के बाद बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ मंदिर, त्रिकूट पर्वत सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक आवागमन और आसान होगा। इससे क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। - देवघर जिला ओलंपिक संघ के अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के तहत
नंदन पहाड़ में चला वृहद स्वच्छता अभियान - 28 जून को होगा भव्य समापन, उत्कृष्ट खिलाड़ियों व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
-नंदन पहाड़ लेक परिसर में खिलाड़ियों व युवाओं ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश। - इंडोर स्टेडियम में ‘ओलंपिक खेल’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, 24 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
देवघर/संवाददाता। देवघर जिला ओलंपिक संघ के तत्वावधान में 23 जून से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को नंदन पहाड़ लेक परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में खिलाड़ियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर की सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सुनील खवाड़े ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “स्वच्छता सिर्फ हमारी आदत नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य है। एक स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और उत्कृष्ट खिलाड़ियों का निर्माण करता है। खेल और स्वच्छता दोनों हमें अनुशासन सिखाते हैं।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए स्वच्छ वातावरण आवश्यक है तथा युवाओं को इस दिशा में हमेशा आगे रहना चाहिए। स्वच्छता अभियान में स्विमिंग शार्क एकेडमी, रनिंग टीम और देवघर यूथ के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान को सफल बनाने में रोहित रंजन, मुन्ना पासवान, सचिन यादव, दिवाकर कुमार, अनुराग रंजन, मानव, मानवी, अखिलेश कुमार, शिवम कुमार, रौशन कुमार सहित सभी टीमों के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया। इसी क्रम में स्थानीय इनडोर स्टेडियम में ‘ओलंपिक खेल’ विषय पर चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 9 बालिकाएं और 15 बालक शामिल रहे। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों के माध्यम से ओलंपिक खेलों की भावना, खेल संस्कृति और अनुशासन को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। गौरतलब है कि 23 जून को पौधारोपण कार्यक्रम के साथ शुरू हुए अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक सप्ताह के दौरान प्रतिदिन खेल प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस श्रृंखला का भव्य समापन 28 जून को होगा। समापन समारोह में जिले के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बालक एवं तीन बालिकाओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
मोदी सरकार कमजोर है, इसलिए बार-बार हो रहा पेपर लीक : गौरव
- नीट पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस
देवघर/वरीय संवाददाता। नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार शाम देवघर जिला युवा कांग्रेस की ओर से वीर कुंवर सिंह चौक से टावर चौक स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक मशाल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भारद्वाज ने किया। जुलूस में झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मशाल जुलूस में शामिल कार्यकर्ता झंडा, बैनर, तख्ती और मशाल लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद प्रदेश और केंद्र स्तर पर कई बार विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के नीट पेपर लीक के बाद अब वर्ष 2026 में भी पेपर लीक की घटना सामने आने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देशभर में आंदोलन कर रही है तथा शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भारद्वाज ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि यह देश के छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है और कांग्रेस इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रो. उदय प्रकाश, पीसीसी कोऑर्डिनेटर मुकुंद दास, अवधेश प्रजापति, दिनेश कुमार मंडल, दिनेशानंद झा, रवि केसरी, खुर्शीद अंसारी, विक्की कुमार, राहुल सिंह, सूरज साह, रवि वर्मा, विकास राउत, शैफ दानिश, मनीष कुमार, सूरज महथा, प्रदीप टुड्डू, अमित कुमार पांडेय, हरे कृष्ण राय, वृजभूषण राम, अनुराग आनंद, हेमंत चौधरी, अजय कृष्ण भारती, कुमार बाबा, धर्मेंद्र सिंह, आदित्य दूबे, चंदन कुमार, वशिष्ठ राणा, अमरेंद्र भोपाल, अविनाश कुमार देव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय में स्नातक नामांकन प्रक्रिया शुरू
- आठ जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
- कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में सत्र 2026-30 के लिए आवेदन आमंत्रित, छात्राओं की सुविधा के लिए हेल्प सेंटर भी उपलब्ध
देवघर/नगर संवाददाता। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के निर्देश के आलोक में रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय, देवघर में स्नातक (यूजी) सत्र 2026-30 के लिए कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया 26 जून से शुरू हो गई है। इच्छुक छात्राएं 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है।महाविद्यालय में राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत विषयों एवं सीटों के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों के आधार पर नामांकन लिया जाएगा। 12वीं कक्षा किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से उत्तीर्ण छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए छात्राओं को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए छात्राएं कार्य दिवसों में महाविद्यालय कार्यालय अथवा परिसर में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं स्टूडेंट हेल्प सेंटर से संपर्क कर सकती हैं। यहां ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ पीसी दास ने बताया कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। छात्राओं की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय प्रशासन सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर नामांकन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का शांत, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण छात्राओं के उत्कृष्ट शैक्षणिक विकास एवं सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से मिले देवघर के जनप्रतिनिधि
- नगर विकास और श्रावणी मेला पर हुई चर्चा
- झामुमो जिला अध्यक्ष, मेयर, डिप्टी मेयर समेत कई जनप्रतिनिधियों ने की शिष्टाचार भेंट, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर मिला मार्गदर्शन
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सचिव सह बरहेट विधायक एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से शुक्रवार को देवघर के जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नगर निगम की विकास योजनाओं, आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों तथा पार्टी के सांगठनिक विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पंकज मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों को जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। स्थानीय परिसदन में आयोजित इस मुलाकात में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, देवघर के मेयर रवि कुमार राउत, डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, वार्ड पार्षद प्रदीप चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पंकज मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बैठक के दौरान नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति, नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता तथा श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। पंकज मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुलाकात के बाद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंकज मिश्रा से मिले मार्गदर्शन से संगठन और जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम, श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं और विकास से जुड़े कार्यों में समन्वय के साथ बेहतर परिणाम सामने आएंगे। यह शिष्टाचार मुलाकात राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ देवघर के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
विस अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के घर पहुंच जताया शोक
- मानिकपुर स्थित आवास पर दिवंगत माता को दी श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढ़स
देवघर/नगर संवाददाता। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो शनिवार को देवघर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के मानिकपुर स्थित आवास पहुंचकर उनकी दिवंगत माता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया।
विधानसभा अध्यक्ष शनिवार शाम करीब पांच बजे रांची से सड़क मार्ग के जरिए देवघर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने स्थानीय परिसदन में कुछ देर विश्राम किया। इसके बाद वे सीधे मानिकपुर स्थित संजय शर्मा के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने इस दुख की घड़ी में परिवार को धैर्य बनाए रखने की बात कही और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मानिकपुर स्थित आवास पर बड़ी संख्या में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष के पहुंचने पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनका स्नेह और सहयोग परिवार के लिए संबल का काम करेगा। मौके पर देवघर नगर निगम के मेयर रवि कुमार राउत, डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, वार्ड पार्षद प्रदीप चौधरी, सुरेश साह, राहुल चंद्रवंशी, नीलम देवी सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शोक संवेदना के इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा झामुमो परिवार संजय शर्मा और उनके परिजनों के साथ खड़ा है। दिवंगत माता के सामाजिक और पारिवारिक योगदान को याद करते हुए सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।