जसीडीह/संवाददाता। इस्कॉन देवघर द्वारा आयोजित रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महोत्सव का शुभारंभ सोमवार, 29 जून को भगवान जगन्नाथ की स्नान यात्रा (महास्नान) के साथ होगा। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर मनाए जाने वाले इस उत्सव में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र का 108 कलशों के पवित्र जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अभिषेक किया जाएगा। इस्कॉन मंदिर परिसर में सुबह 11 बजे से स्नान यात्रा का कार्यक्रम आरंभ होगा। इसमें कीर्तन, पूजा-अर्चना, स्नान यात्रा की कथा, अभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम का समापन अपराह्न 4 बजे महाप्रसाद वितरण के साथ होगा।
परंपरा के अनुसार स्नान यात्रा के बाद भगवान 15 दिनों तक ‘अनासरा’ अवधि में विश्राम करते हैं। इस दौरान भक्तों को दर्शन नहीं होते। इसके पश्चात भगवान नवयौवन उत्सव (नेत्रोत्सव) के अवसर पर पुन: भक्तों को दर्शन देते हैं। स्नान के बाद भगवान जगन्नाथ एवं बलभद्र को गजानन (हाथी) वेश में भी सजाया जाएगा। इस्कॉन प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष रथयात्रा 16 जुलाई को अपराह्न 3 बजे गौशाला प्रांगण, झांसागढ़ी से निकलेगी। यात्रा मंदिर मोड़, पानी टंकी, फव्वारा चौक, बजरंगी चौक, राय कंपनी चौक, टावर चौक, बीआईपी चौक, सत्संग चौक, बेला बगान, डेरवा नदी और चांदपुर होते हुए जसीडीह के रोहिणी मोड़ स्थित इस्कॉन परिसर पहुंचेगी। वहां महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ रथयात्रा महोत्सव का समापन होगा।
देवीपुर में मुहर्रम पर अखाड़ा प्रतियोगिता
- युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
देवीपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के रहबाद में मुहर्रम पर्व के अवसर पर विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा अखाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान “या हसन, या हुसैन” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। खिलाड़ियों ने पारंपरिक लाठी, डंडा, फरसा एवं बल्लम के साथ हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता एवं मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे।
शंकरपुर के नवनिर्मित काली मंदिर में जनप्रतिनिधियों ने की पूजा-अर्चना
देवीपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के शंकरपुर स्थित नवनिर्मित काली मंदिर में जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी एवं देवीपुर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी ने मां काली के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
ज्ञात हो कि प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर 24 जून को भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इसके साथ ही 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि मुकेश प्रसाद यादव, मुखिया प्रतिनिधि कुंदन चौधरी, जवाहर मिर्धा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
छाताकुरूम में चेकडैम का शिलान्यास, किसानों को मिलेगी सिंचाई सुविधा : विधायक
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड के बोचबांध पंचायत अंतर्गत छाताकुरूम गांव स्थित जोरिया में रविवार को जल संसाधन विभाग, रांची द्वारा स्वीकृत चेकडैम निर्माण कार्य का शिलान्यास सारठ विधायक सह झारखंड सरकार की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के सभापति उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि चेकडैम बनने से क्षेत्र के किसानों को वर्षभर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक किसान सिंचाई के अभाव में मुख्य रूप से धान की एकमात्र फसल पर निर्भर थे, लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद वे सब्जी, दलहन, तिलहन समेत अन्य फसलों की खेती कर सकेंगे। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, जल संरक्षण और कृषि विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसे रोकने के लिए वर्षा जल का संचयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के पानी को व्यर्थ बहने देने के बजाय तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों में संग्रहित कर भविष्य के जल संकट से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास करें। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बच्चों के बीच कॉपी, कलम, पेंसिल एवं रबर का वितरण कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विष्णुदेव यादव, श्रीकांत यादव, प्रकाश यादव, नरेश यादव, जयप्रकाश यादव, मुकेश यादव, हलधर यादव, चतुर कोल, माथुर कोल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
देवघर के गौतम और तृप्ति कृष्णा ने जीता स्वर्ण
- राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के लिए चयनित
- राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान
देवघर/नगर संवाददाता। नेतरहाट आवासीय विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में देवघर जिला योगासन समिति (संगठन भारत) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और योग जगत में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के सीनियर ट्रेडिशनल (बालक) वर्ग में गौतम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर (बालिका) आर्टिस्टिक सिंगल वर्ग में तृप्ति कृष्णा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इससे देवघर के साथ-साथ पूरे झारखंड का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में देवघर के अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सब जूनियर (बालिका) ट्रेडिशनल वर्ग में संजीवनी सतपती ने रजत पदक जीतकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर (बालिका) आर्टिस्टिक सिंगल वर्ग में रिद्धिका यादव ने भी द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का सम्मान बढ़ाया। इसके अलावा सीनियर आर्टिस्टिक वर्ग में फूल कुमारी तथा जूनियर आर्टिस्टिक वर्ग में संजीवनी सतपती ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। देवघर जिला योगासन समिति के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का ही यह परिणाम है। खिलाड़ियों की सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी योगासन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। गौतम कुमार और तृप्ति कृष्णा के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर जिले के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी देवघर के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम देशभर में गौरवान्वित करेंगे।
अभाविप नगर इकाई के पुनर्गठन की तैयारी तेज, सदस्यता विस्तार अभियान पर जोर
- बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति, छात्रहित के मुद्दों पर संगठन को और मजबूत बनाने का लिया संकल्प
देवघर/नगर संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देवघर नगर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, सदस्यता विस्तार अभियान, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा नगर इकाई के पुनर्गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि देवघर नगर के सभी महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के बीच व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों को परिषद की विचारधारा और गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। साथ ही नगर इकाई के पुनर्गठन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर नई कार्यकारिणी का गठन करने का निर्णय लिया गया, ताकि संगठन का कार्य और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। जिला प्रमुख डॉ. राजेश राज ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ छात्रहित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का पुनर्गठन परिषद को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहे। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत शंकर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है। नगर इकाई का पुनर्गठन परिषद को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाएगा। जिला संयोजक युवराज सिंह ने कहा कि देवघर नगर में परिषद का कार्य लगातार विस्तार की ओर अग्रसर है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन छात्रहित के मुद्दों पर और अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आ”ान किया। नगर संगठन मंत्री हरगोविंद पाठक ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता विद्यार्थियों के बीच जाकर संगठन के विचारों और कार्यों को पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लें। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, नगर इकाई के पुनर्गठन तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक में मुख्य रूप से जिला प्रमुख डॉ. राजेश राज, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत शंकर, जिला संयोजक युवराज सिंह, नगर संगठन मंत्री हरगोविंद पाठक, नगर सह मंत्री शैलेश कुमार चौधरी, ए.एस. महाविद्यालय अध्यक्ष दीपक कुमार, मंत्री सौरभ कुमार, सत्यम, नवरत्न, अनु, कनक सहित नगर इकाई के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समाजसेवी भरत तिवारी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
- श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक योगदान को किया गया याद, अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प
देवघर/नगर संवाददाता। समाजसेवा एवं जनहित के कार्यों में सदैव सक्रिय रहने वाले स्वर्गीय भरत तिवारी की स्मृति में रविवार संध्या वी.आई.पी. चौक, देवघर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने स्व. भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभा का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा एवं भावनाओं से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. भरत तिवारी के सामाजिक योगदान, सरल एवं विनम्र व्यक्तित्व, सेवा भावना तथा समाज के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वे समाज के हर वर्ग के लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे और उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। वक्ताओं ने कहा कि स्व. तिवारी ने सामाजिक समरसता, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज को एकजुट करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। उनके विचार और आदर्श समाजहित में कार्य करने वालों के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से शुभम कुमार, बबली सिंह, सूरज चौधरी, निलेश झा, शुभम सिंह, गौरव झा, अनुज वत्स, राजीव कुमार, प्रीतम भारद्वाज, अश्विनी कुमार, शिवम कुमार, गौरांग कुमार, चंदन कुमार, सिंटू कुमार, सूरज कुमार, पीयूष कुमार, अमर कुमार, सोनम कुमार, मोहित कुमार, शिवनारायण सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
गांव की खेल प्रतिभा को आगे लाना है : डॉ. सुनील
- गांवों से निकलकर कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना चुके है मुकाम
- ओलंपिक सप्ताह का समापन, 80 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
देवघर/संवाददाता। देवघर जिला ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित ओलंपिक सप्ताह का समापन रविवार को हो गया। स्थानीय इनडोर स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देवघर जिले के 80 खिलाड़ियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील खवाड़े ने कहा कि जिला ओलंपिक संघ का उद्देश्य खेल की प्रतिभाओं को मांझना है। मड़ुआ और माड़-भात खाने वाले ग्रामीण स्तर के बच्चे और खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है और उनमें खेल की भावना को जगाना है, ताकि जिला से लेकर प्रदेश और देेश स्तर पर अपने खेल का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इसमें ओलंपिक संघ को काफी सफलता भी मिल रही है और साल दर साल मेडल लाने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है, जो खिलाड़ियों के लिए अच्छी बात है। जिला ओलंपिक संघ हर प्रखंड में टैलेंट हंट करा कर खेल प्रतिभाओं की तलाश कर रही है। मोहनपुर व सारवां प्रखंड में आयोजन हो चुका है। अब आने वाले दिनों में पालोजोरी में टैलेंट हंट का आयोजन होना है। कबड्डी खिलाड़ियों की तलाश के लिए ग्रामीण स्तर पर कैंप लगाएंगे और खिलाड़ियों को चुनकर उन्हें तरासेंगे। क्योंकि ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जिसमें गांवों से निकलकर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम बनाए हैं। जिला ओलंपिक संघ साल भर के खेलों का कैलेंडर तैयार कर चुकी है। इन सब आयोजनों के बाद शतरंज होगा और उसके बाद स्कूल स्तर पर ओलंपिक का आयोजन करेंगे। कुल मिलाकर जिले के खिलाड़ियों को आराम नहीं करने देना है, खिलाड़ी खेल के मैदान में पसीना बहाए। मौके पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव चंदना झा कहा कि खेलों में बच्चियों की संख्या देखकर काफी खुशी होती है। जिला ओलंपिक संघ का प्रयास है कि आधी आबादी की भागीदारी भी खेलों में मजबूती से हो। कार्यक्रम में जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र देव, विजय कुमार सनातन, नवीन शर्मा, कृष्ण कुमार बरनवाल, दीपक दुबे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता पर हुई ‘हम एक हैं’ समूह की मासिक बैठक
- देवघर विधायक हुए सम्मानित
देवघर/नगर संवाददाता। सामाजिक संगठन ‘हम एक हैं’ समूह की महत्वपूर्ण मासिक बैठक रविवार को लालकिसुन राम के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित देवघर विधायक सुरेश पासवान का समूह की ओर से अंगवस्त्र एवं सम्मान चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें समूह के उद्देश्यों एवं सामाजिक सरोकारों से अवगत कराया गया। विधायक ने समूह की सदस्यता ग्रहण करने की इच्छा व्यक्त करते हुए संगठन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करते हुए बिना पूर्व सूचना अथवा उचित कारण के अनुपस्थित रहने वाले सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया। बैठक का मुख्य विषय “समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता” रहा। समूह के अध्यक्ष महादेव यादव ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्षता के महत्व पर सारगर्भित और ओजस्वी विचार प्रस्तुत करते हुए सदस्यों को सामाजिक जागरूकता एवं एकता का संदेश दिया। मीडिया प्रभारी वरुण राय ने कविता पाठ किया, जबकि रामकिसन राम ने स्वागत भाषण दिया। कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा सिंह यादव ने समूह के उद्देश्यों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार रखे। बैठक के अंत में सचिव लक्ष्मी प्रसाद मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अपना मासिक सदस्यता शुल्क भी जमा कराया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समूह की अगली मासिक बैठक त्रिदेव हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राकेश के आवास पर आयोजित की जाएगी। बैठक में पदाधिकारियों के अलावा रमेश चंद्र प्रसाद, महेश्वरी प्रसाद, मणी पासवान, अनिल यादव, विकास कुमार, उमेश यादव, संतोष जी, डी.एन. सिंह, अरुण यादव, धनेश्वर यादव एवं अरविंद सिंह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। - सपनों को मिले पंख
‘जेस्ट फैशन शो’ के ऑडिशन में बच्चों व महिलाओं ने बिखेरा जलवा
-ऑडिशन के दौरान भारी संख्या में प्रतिभागी पहुंचे
देवघर/नगर संवाददाता। राज्य की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित ‘जेस्ट फैशन शो’ के ऑडिशन कार्यक्रमों में गिरिडीह और देवघर के प्रतिभागियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों ही शहरों में आयोजित इस ऑडिशन में बच्चों और महिलाओं ने न केवल रैम्प वॉक किया, बल्कि अपने कमाल के आत्मविश्वास और प्रतिभा से वहां मौजूद हर किसी का दिल जीत लिया। गिरिडीह में लगभग 35 बच्चों और 40 महिलाओं ने मंच पर अपना हुनर दिखाया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ‘द फ्यूजन डांस एंड फिटनेस स्टूडियो’ का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा।
देवघर में ‘द डांस ज़ोन’ में आयोजित ऑडिशन में 40 बच्चों और 25 महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों के जोश ने पूरे माहौल को बेहद मनोरंजक और आकर्षक बना दिया। मंच पर जैसे ही नन्हे बच्चों और महिलाओं ने कदम रखा, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने रैम्प वॉक करने के साथ-साथ बेहद खूबसूरती और आत्मविश्वास के साथ अपना परिचय भी प्रस्तुत किया। इस पूरे शानदार कार्यक्रम का संचालन काजल झा ने बखूबी किया। वहीं, प्रतिभागियों की प्रतिभा को परखने के लिए मुख्य निर्णायक मंडल (जूरी) में प्रतिष्ठित जर्नलिस्ट शिल्पा सिंह, कार्तिक आर्यन, डॉ. अल्का, डॉ. सलूजा और मिसेज भदानी जैसी जानी-मानी शख्सियतें शामिल रहीं।